वेलेंटाइन डे पर छाएगा प्यार का खुमार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रेम ही ब्रह्मांड का सार है। वह चाहे देवता हो, मानव हो, संत या पशु पक्षी, हर कोई प्रेम के कच्चे धागे में बंधा हुआ है। संत कबीर ने सच कहा है कि प्रेम बिन सब सूना है। वेलेंटाइन वीक में पिछले सात दिन से चल रही प्यार की गाड़ी शनिवार को वेलेंटाइन डे के साथ आखिरी पड़ाव पर आकर रुकेगी।
इस खास दिन को और खास दिन बनाने के लिए युवाओं ने ढेर तैयारियां कर रखी हैं। रोज डे से शुरू हुआ यह सफर शनिवार अपनों के करीब पहुंचकर खत्म होगा। प्रेम के लिए वैसे कोई भी दिन या सप्ताह या साल नहीं होता, लेकिन युवाओं के लिए फरवरी माह बेहद खास रहता है।
रूठे को मनाने के सिलसिले से लेकर अपने प्यार का इजहार करने के लिए युवा इसी माह इंतजार में रहते हैं। प्यार का दिन यानी वेलेंटाइन डे को खास बनाने के लिए बाजार भी पूरी तरह तैयार है। इस खास दिन तमाम बंदिशों को पार करते हुए युवा अपने चाहने वालों, दोस्तों और अभिभावकों के साथ प्रेम का इजहार करेंगे।
वेलेंटाइन के रंग में पूरा शहर रंगा रहेगा। पार्कों, शापिंग सेंटरों, सिनेमाघरों और रेस्तराओं में युवाओं की भीड़ उमड़ेगी। वेलेंटाइन वीक के आखिरी दिन को खास बनाने के लिए युवाओं ने शुक्रवार को गिफ्ट गैलरियों और फ्लावर शाप पर तोहफे खरीदे।
वेलेंटाइन पर कुछ युवाओं ने अपने दोस्तों और अभिभावकों के साथ लंच तो कुछ ने डिनर के बाद लांग ड्राइव का प्रोग्राम बना रखा है। इस प्यार के शुमार में युवाओं के साथ अन्य वर्ग के लोग भी शामिल होंगे।
गुलाब की रही ज्यादा मांग
वेलेंटाइन वीक में गुलाब की खास अहमियत रही है। रोज डे से आखिर तक गुलाब युवाओं की पहली पसंद बना रहा। वेलेंटाइन डे पर भी उपहारों के साथ गुलाब छाया रहेगा। अपनों को आकर्षित करने के लिए बेहतर पैकिंग में गुलाब दिए जाएंगे।
शुक्रवार को आम तौर पर एक सादा गुलाब 25 से 30 रुपये तक में बिका। खूबसूरत पैकिंग के साथ गुलाब 150 रुपये से लेकर 180 रुपये तक में बिके। वेलेंटाइन डे के लिए शहर की विभिन्न गिफ्ट गैलरियों में विशेष तौर पर सामान्य से ज्यादा गुलाब की खेप मंगवाई गई है।
परिधान, आभूषण भी होंगे खास
वेलेंटाइन डे पर जाहिर है प्यार का इजहार करने और खुद को सुंदर दिखाने के लिए हर कोई कुछ नया पहनना चाहेगा। कलेक्शन की बात करें तो लड़कियों में जहां स्टाइलिश गाउन, स्कर्ट, टाप्स, ओवरकोट आदि पसंद रहेगी तो वहीं लड़कों को सूट खूब भाएंगे।
वेलेंटाइन डे की तैयारियों में ज्वेलरी भी शामिल रहेगी। अपनों से प्यार का इजहार करने के लिए ज्वेलरी गिफ्ट में दी जाएगी। ज्वेलरी में जहां लव बैंड्स, इयरिंग्स आदि शामिल हैं। चाकलेट, केक आदि की भी खूब बिक्री होने का अनुमान है।
मौसम रहेगा मेहरबान
वेलेंटाइन डे पर मौसम भी मेहरबान रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में जम्मू संभाग में मौसम खुश्क रहेगा। पार्कों, रेस्त्राओं और लांग ड्राइव पर जाने वालों के लिए यह मौसम राहत देगा।
किस के साथ रुकी प्रेम की गाड़ी
वेलेंटाइन वीक में शुक्रवार को किस डे पर किस के साथ प्यार की गाड़ी आखिरी प्लेटफार्म पर आकर रुकी। इसमें दोस्तों, अभिभावकों और अन्य प्रियों को किस देकर विश दी।
वेलेंटाइन वीक में सोशल साइटों का भी जमकर प्रयोग हुआ। इसमें हर दिन नए थीम के साथ प्यार के मैसेज भेजे गए। किस डे पर भी यह सिलसिला चला।
मनचलों पर शिकंजा कसने की हुई तैयारी
उधमपुर। वेलंटाइन डे पर लड़कियों को मनचले परेशान नहीं करे, इसके लिए पुलिस ने विशेष बंदोबस्त कर लिए हैं। हालांकि शहर में वेलंटाइन डे मनाने की कोई परंपरा नहीं है। इसके बावजूद कुछ मनचले छात्राओं को तंग करते हैं। इसलिए पुलिस ने हायर सेकेंडरी स्कूल और डिग्री कालेज के बाहर अतिरिक्त पुलिस जवानों को तैनात किया है।
मनचलों पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस ने पर्यटक स्थलों पर भी विशेष प्रबंध किए हैं। किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेने के अलावा चौक-चौराहों और मेटाडोर स्टैंड पर भी जवानों को तैनात किया जाएगा। नगर में वेलंटाइन डे और पाश्चात्य संस्कृति का हालांकि कोई खास प्रचलन नहीं है, लेकिन कुछ दुकानों पर गिफ्ट पैक मौजूद हैं।
दुकानदारों के अनुसार कार्ड देने या प्यार का इजहार करने के कार्ड की भी कोई खास बिक्री नहीं होती है। नगर में युवक-युवतियां आपस में जानने के कारण वेलंटाइन का भी कोई प्रभाव नहीं है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि मनचले युवक अपने बाइक या स्कूटी पर लड़कियों को लुभाने के लिए स्टंट करते हैं।
उन पर नजर रखने के लिए पुलिस प्रबंध किए हैं। एसएसपी सुलेमान चौधरी के अनुसार लड़कियों को कोई दिक्कत नहीं आए, इसके लिए थानेदारों को विशेष आदेश दिए गए हैं।