{"_id":"aa2cb7887e03198d31527830701dacfb","slug":"news-about-ranji-trophy-match-between-j-k-and-bangal-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"रणजी ट्राफी: जेएंडके-बंगाल के बीच मुकाबला ड्रा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रणजी ट्राफी: जेएंडके-बंगाल के बीच मुकाबला ड्रा
ब्यूरो/अमर उजाला, जम्मू
Updated Fri, 16 Jan 2015 07:07 PM IST
विज्ञापन
ईडेन गार्डन कोलकाता में ग्रुप ए में खेले गए रणजी ट्राफी मुकाबले में जेएंडके की दूसरी पारी में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बावजूद बंगाल पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन अंक बटोरने में सफल रहा। मुकाबला ड्रा होने पर जेएंडके की झोली में सिर्फ एक अंक ही आया।
विज्ञापन
रणजी ट्राफी में अपने छह मुकाबलों में जेएंडके अब तक ग्यारह अंक ही जुटा पाया है। ग्रुप में अंक तालिका में ऊपर रहने के लिए अब जेएंडके को 21 जनवरी को रेलवे और 29 जनवरी को ग्वालियर में मध्य प्रदेश के खिलाफ मुकाबलों में दमदार वापसी करनी होगी।
विज्ञापन
शुक्रवार को चौथे दिन बंगाल ने तीन विकेट पर 216 रन से आगे खेलना शुरू किया और पांच विकेट पर 264 रन पर पारी घोषित कर जेएंडके को बल्लेबाजी का न्योता दिया। बंगाल ने दोनों पारियों में 651 रन जोड़े। जेएंडके की ओर से एम मुद्दसर को दो, आमिर अजीज, परवेज रसूल और वसीम राजा को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन
दूसरी पारी में जेएंडके की शुरुआत अच्छी रही और सलामी बल्लेबाज आदिल ऋषि ने संभलकर खेलते हुए 58 रन टीम के खाते में जोड़े। इसमें सात चौके शामिल रहे। दूसरे छोर से इमरान हरुण ने नौ चौकों और एक छक्के से 233 गेंदों पर नाबाद 102 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया।
इसके अलावा आयन देव सिंह ने भी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए तीन चौकों और एक छक्के से नाबाद 56 रन जोड़े। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक जेएंडके ने दो विकेट पर 70.2 ओवर में 219 रन जुटा लिए थे, लेकिन निर्धारित समय पूरा होने पर पहली पारी की बढ़त के आधार पर बंगाल को तीन अंकों को फायदा मिला।
जेएंडके को अंक तालिका में मजबूत स्थिति तक पहुंचने के लिए अब बचे हुए दो मुकाबलों में कमाल दिखाने की जरूरत है।