भोले के भक्तों के लिए सजाया जा रहा ये रास्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस बार अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू से उधमपुर तक तैयार किए गए फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग को भी सजाया जा रहा है। फोरलेन राजमार्ग के चौराहों को अच्छी तरह से पेंट किया जा रहा है। नेशनल हाईवे अथारिटी अमरनाथ यात्रियों को लुभाने में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है।
इस बार अमरनाथ यात्रा जम्मू से उधमपुर तक तैयार किए गए फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर गुजरेगी। करीब 65 किमी का सफर अमरनाथ यात्री फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही करेंगे। हालांकि जम्मू से लेकर उधमपुर के बीच तीन स्थानों पर कुछ हिस्सा तैयार किया जाना बाकी है, लेकिन इस पर पुलिस की तरफ से यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया जाएगा।
जिन स्थानों पर हाईवे को बारिश के दौरान नुकसान पहुंचा था, उसकी मरम्मत की जा रही है। इसके अलावा जिन स्थानों पर भी बारिश के दौरान दोबारा से चट्टानें गिरने की संभावना लग रही है, वहां पर पहले ही मलबा हटाकर हाईवे को तैयार किया जा रहा है।
इसके अलावा फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है। नंदनी के टनलों में एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। रात के समय इन टनलों की खूबसूरती देखते ही बनेगी।
हाईवे पर मिलेगी उचित चिकित्सा
आगामी दो जुलाई से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा के लिए स्वास्थ्य महकमे ने तैयारी शुरू कर दी है। देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को राज्य के प्रवेशद्वार लखनपुर से बनिहाल तक उचित चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। जम्मू संभाग स्तर पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 14 सक्रिय चिकित्सा संस्थानों के अलावा अन्य सोलह कैंपों में चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
यात्रियों के लिए एक्सीडेंट प्रोन जोन बटोत से लेकर बनिहाल तक नौ अतिरिक्त एंबुलेंस तैनात रहेंगी। यात्रा रूट पर जिला, उपजिला और अन्य चिकित्सा केंद्रों की इमरजेंसी को मजबूत बनाया जाएगा। स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डा. बलजीत सिंह पठानिया के अनुसार यात्रा रूट पर हाईवे से सटे चिकित्सा केंद्रों पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
यात्रा रूट से सटे चिकित्सा केंद्रों में पर्याप्त स्टाफ के लिए विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यात्रा के दौरान स्वास्थ्य निदेशालय जम्मू, कठुआ, उधमपुर सहित अन्य जिला चिकित्सा मुख्यालयों में कंट्रोल रूम काम करेंगे।
यात्रा के दौरान मिलेंगी ये सुविधाएं
यात्रा के दौरान सड़क हादसों को देखते हुए बटोत, रामबन और बनिहाल के बीच अतिरिक्त पांच एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इसके अलावा बटोत से किश्तवाड़ के बीच विभिन्न स्थानों पर चार अन्य अतिरिक्त एंबुलेंस काम करेंगी। इस बार जत्थे के साथ जम्मू से एक एंबुलेंस स्थायी तौर पर बनिहाल तक चलेगी।
इससे पहले यात्रा रूट पर जिला स्तर पर एंबुलेंस बदली जाती थीं। यात्रा के दौरान संबंधित चिकित्सा केंद्रों पर पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ, डाक्टरों के अलावा उचित दवाइयों का स्टाक उपलब्ध रहेगा। यात्रा के दौरान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से डाक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ को डेपोटेशन पर भेजा जाएगा।
इस स्टाफ को पहलगाम और गांदरबल के विभिन्न चिकित्सा केंद्रों पर तैनात किया जाएगा। इसमें सर्जन विशेषज्ञ, आरथो सर्जन, मेडिकल आफिसर, फिजिशियन विशेषज्ञ आदि शामिल होंगे। इसी तरह पैरा मेडिकल स्टाफ में जूनियर और सीनियर फार्मासिस्ट, लेबोरेटरी टेक्नीशियन, पीएमए, एनओ आदि शामिल होंगे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकार को 33 पैरा मेडिकल स्टाफ और 16 डाक्टरों की सूची भेजी गई है। इसी तरह जीएमसी से भी डाक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ की सूची भेजी गई है।