जम्मू कश्मीर डीडीसी चुनाव: द्रगमुल्ला से नेकां की अमीना, हाजिन-ए से अपनी पार्टी समर्थित नाजाह ने दर्ज की जीत
दिसंबर 220 में जम्मू-कश्मीर में डीडीसी चुनाव हुए थे। परंतु दो उम्मीदवारों की विवादित नागरिकता योग्यता के कारण इन दोनों सीटों पर वोटों की गिनती रोक दी गई थी। अब पुनर्मतदान कराया गया।
विस्तार
जिला विकास निर्वाचन क्षेत्रों (डीडीसी) की दो सीटों पर हुए चुनाव में नेशनल कांफ्रेंस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार अमीना मजीद ने द्रगमुल्ला सीट बहुत कम अंतर से जीत ली। वहीं जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार ने हाजिन-ए सीट पर 423 मतों से जीत हासिल की।
इन दोनों सीटों पर पूर्व में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की विवादित नागरिकता के कारण पुनर्मतदान कराया गया था। राज्य चुनाव आयुक्त केके शर्मा ने बताया कि कुपवाड़ा जिले की द्रगमुल्ला सीट से निर्दलीय एडवोकेट उम्मीदवार अमीना मजीद ने39 वोटों के मामूली अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें नेशनल कांफ्रेंस का समर्थन हासिल था।
अमीना को 3259 वोट मिले जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी पीडीपी उम्मीदवार शबनम रहमान को 3220 वोट मिले। निर्दलीय रिफत जान को 612, भाजपा की शकीला अख्तर को 877, अपनी पार्टी की हमीदा बेगम को 1474 और कांग्रेस की शबरूज हसन को 746 वोट मिले।
उधर बांदीपोरा की हाजिन-ए की सीट पर अपनी पार्टी समर्थित उम्मीदवार नाजह को 2706 वोट मिले जबकि पीपुल्स कांफ्रेंस उम्मीदवार अतीका बेगम को 2283 वोट मिले। दिलचस्प यह है कि सोनावरी विधानसभा क्षेत्र में आने वाली सीट पर नेशनल कांफ्रेंस तीसरे स्थान पर रही। नेकां समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार आबिदा अफजल को 2241 मत मिले। नेकां के मौजूदा सांसद मोहम्मद अकबर लोन ने 2002 से जम्मू और कश्मीर विधानसभा में तीन बार सोनावारी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है।
विवादित नागरिकता के कारण मतदान शून्य घोषित किया था
दिसंबर 220 में जम्मू-कश्मीर में डीडीसी चुनाव हुए थे। परंतु दो उम्मीदवारों की विवादित नागरिकता योग्यता के कारण इन दोनों सीटों पर वोटों की गिनती रोक दी गई थी। बाद में, राज्य चुनाव आयोग ने पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) मूल के उम्मीदवारों द्वारा जन्म स्थान के बारे में गलत जानकारी का हवाला देते हुए सूमिया सदफ और शाजिया असलम की उम्मीदवारी को रद्द करते हुए इन निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान को शून्य घोषित कर दिया। प्रवक्ता ने कहा कि दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना आठ दिसंबर को होगी।