पाक ने कैद किए भारत के 50 ट्रक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाक अधिकृत कश्मीर में अधिकारियों ने एक वाहन से मादक पदार्थ बरामद होने पर ड्राइवर को गिरफ्तार किये जाने के बाद सोमवार को श्रीनगर-मुजफ्फराबाद बस सेवा स्थगित कर दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्रीनगर और मुजफ्फराबाद के बीच कारवां-ए-अमन बस सेवा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
सूत्रों ने बताया कि यह फैसला तब लिया गया जब पाक अधिकृत कश्मीर के अधिकारियों ने गिरफ्तार ड्राइवर से जुड़े मुद्दे के सुलझने तक श्रीनगर-मुजफ्फराबाद सड़क से यात्रा और कारोबार स्थगित करने के निर्णय के बारे में सूचित किया।
मुजफ्फराबाद के निवासी अनायत हुसैन को शुक्रवार को वाहन से मादक पदार्थ बरामद होने के बाद गिरफ्तार किया गया था। इस सिलसिले में स्थानीय कारोबारी जहूर अहमद मल्ला को भी हिरासत में लिया गया जिसे कथित तौर पर यह खेप मिली थी।
जम्मू में नियंत्रण रेखा के आर-पार व्यापार और यात्रा की निगरानी की जिम्मेदारी संभाल रहे एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, शुक्रवार को मुजफ्फराबाद के एक ट्रक चालक के वाहन से मादक पदार्थ बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अमन सेतु पर होगी भारत-पाक वार्ता!
नियंत्रण रेखा पर पैदा हुए इस व्यापारिक गतिरोध के कारण आज चकन दा बाग (पुंछ) और अमन सेतु (बारमूला) के बीच नियंत्रण रेखा के आर-पार की बस सेवा रद्द कर दी गई है। पुंछ और बारामूला से हर सोमवार पीओके के लिए बस सेवा संचालित होती है।
ट्रक चालक अनायत हुसैन और तीन स्थानीय व्यापारी जहूर अहमद, अब्दुल मजीद और मोहम्मद यूसुफ सहित कुल चार लोगों को जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस ट्रक से शुक्रवार को मादक पदार्थो के 305 पैकेट बरामद हुए थे।
इस घटना के प्रतिक्रियास्वरूप पाकिस्तान प्रशासन ने शुक्रवार को यहां से चकोटी व्यापार सुविधा केंद्र गए 50 ट्रकों को माल सहित हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने यहां कहा कि इस गतिरोध को सुलझाने के लिए उरी क्षेत्र में कामान चौकी के पास अमन सेतु पर भारत और पाकिस्तान के अधिकारियों के बीच बैठक हो सकती है।
नियंत्रण रेखा के आरपार एलओसी बस सेवा अप्रैल 2005 में शुरू की गई थी और नियंत्रण रेखा के आरपार एलओसी व्यापार अक्टूबर 2008 में शुरू हुआ था।