श्रीनगर पहुंचते ही मुफ्ती ने मांगा थोड़ा और वक्त, जानिए क्यों
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में कड़ी सुरक्षा के बीच नागरिक सचिवालय छह महीने बाद दोबारा खुल गया। मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने सचिवालय में अपना पदभार संभाला। इस दौरान मुख्यमंत्री को जम्मू कश्मीर पुलिस के दस्ते द्वारा गॉर्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
सचिवालय परिसर में मौजूद मंत्री, राज्य के चीफ सेक्रेटरी व अन्य अधिकारियों समेत सचिवालय के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। नॉन-गजेटेड इंप्लाइज यूनियन ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद सचिवालय में मुख्यमंत्री ने मीडिया कर्मियों से कहा कि मौजूदा गठबंधन सरकार को अभी केवल दो महीने ही हुए हैं लेकिन लोगों को ऐसा लगता है कि इसे कई वर्ष हो गए हैं।
मुफ्ती ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के साथ-साथ सड़कों आदि का पुनर्निर्माण करना है। राज्य में जो व्यवस्था है उसे ठीक किया जाना है। जिसमें समय लगेगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य रातों रात नहीं हो सकते। उन्होंने लोगों से थोड़ा धैर्य रखने की अपील की। हुर्रियत नेता मसर्रत आलम की गिरफ्तारी के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा कि उन पर केंद्र का कोई भी दबाव नहीं था।
ये है मुफ्ती की सबसे बड़ी प्राथमिकता
मसर्रत की जो गिरफ्तारी हुई है वो उनके अपने अमल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के सामने बहुत सारी चुनौतियां हैं लेकिन उनकी पहली प्राथमिकता है बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के साथ-साथ सड़कों आदि का पुनर्निर्माण करना। वहीं पर्यटन को लेकर मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा कि वह पर्यटन को भी वह काफी बढ़ावा देना चाहते हैं।
कश्मीर की अर्थ व्यवस्था काफी हद तक पर्यटन पर निर्भर करती है। मुफ्ती के अनुसार राज्य में बेरोजगारी भी एक अहम मुद्दा है, जिससे निपटने के लिए उनकी सरकार खास तौर पर ध्यान दे रही है। गौरतलब है कि यह दरबार अगले छह महीने तक घाटी से ही सभी कामकाज संभालेगा। इसके बाद दोबारा छह महीने के लिए अक्टूबर के अंत में जम्मू रवाना हो जाएगा।
नागरिक सचिवालय के खुलने पर भाजपा की कश्मीर इकाई द्वारा बड़े ही जोश के साथ भाजपा के सभी मंत्रियों समेत उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह के स्वागत का प्रबंध किया गया था। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सचिवालय के मुख्य द्वार के बाहर एकत्रित हुए थे जिन्होंने सभी भाजपा मंत्रियों का फूल मालाओं से स्वागत किया। इतना ही नहीं सचिवालय के बाहर बटमालू से लेकर जहांगीर चौक तक जगह-जगह भाजपा के झंडे लगाए गए थे।