जम्मू-कश्मीर: आतंक की गोलियों से उजड़े परिवारों को अब मिलेगा न्याय, वर्षों पुरानी फाइलें फिर खुलीं
एलजी मनोज सिन्हा ने आतंक पीड़ित 125 परिवारों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि दशकों से लंबित आतंकवादी मामलों को फिर खोला जा रहा है और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए जांच शुरू की गई है।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के कारण अपनों को खोने वाले परिवारों को दशकों बाद न्याय की उम्मीद जगी है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रशासन ने वर्षों से लंबित आतंकवादी घटनाओं के मामलों को फिर से खोलना शुरू कर दिया है। पुराने मामलों की समीक्षा की जा रही है नए सिरे से एफआईआर दर्ज की जा रही हैं और कई मामलों में जांच शुरू की गई है, जिन पर लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
रविवार को जम्मू में पुनर्वास के विभिन्न प्रावधानों के तहत आतंक प्रभावित 125 परिवारों को नियुक्ति पत्र सौंपने के कार्यक्रम में एलजी ने आतंकवाद में अपने बेटे भाई और पति को खोने वाले बुजुर्ग माता-पिता, माताओं और बहनों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इन परिवारों ने दशकों तक न्याय के लिए इंतजार किया और तमाम मुश्किलों के बावजूद अपनी लड़ाई जारी रखी।
एलजी ने कहा कि जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों के आतंक पीड़ित परिवारों तक आखिरकार न्याय पहुंच रहा है। पिछले 15 महीनों में जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों में आतंकवाद से प्रभावित सैकड़ों परिवारों के परिजनों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। यह केवल रोजगार देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि परिवारों का सम्मान, अधिकार और खोया हुआ विश्वास लौटाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के डर से वर्षों तक चुप रहने वाले परिवार अब सामने आकर आतंकियों और उनके पूरे नेटवर्क को उजागर कर रहे हैं। प्रशासन ऐसे परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वर्षों पुराने आतंकवादी मामलों की फाइलें फिर खुलीं
मनोज सिन्हा ने किश्तवाड़ के कृष्ण लाल और ज्ञान चंद का जिक्र किया, जिनकी जुलाई 1999 में हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा पुंछ के मोहम्मद रफीक का भी उल्लेख किया, जिनकी फरवरी 2003 में आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी।
उन्होंने कहा कि हर आंकड़े के पीछे एक परिवार था और हर घटना के साथ किसी का सपना अधूरा रह गया। आतंकवादी गोली से परिवार टूटने के बाद कई लोगों को वर्षों तक व्यवस्था की बेरुखी का सामना करना पड़ा। कुछ मामलों में तो जांच तक नहीं हुई।
एलजी ने कहा कि उन्होंने आतंक पीड़ित परिवारों से वादा किया है कि उनकी जिम्मेदारी केवल संकट के समय साथ खड़े रहने तक सीमित नहीं होगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संकट गुजरने के बाद कोई नागरिक खुद को अकेला और असहाय महसूस न करे। वर्षों से बंद पड़ी फाइलें खोलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पुराने आतंकवादी मामलों की समीक्षा की जा रही है और पीड़ित परिवारों की पहचान कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
2019 के बाद विकास कार्यों में तेजी का दावा
एलजी ने जम्मू-कश्मीर में वर्ष 2020 के बाद अभूतपूर्व विकास होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से पहले औसतन हर साल 9 से 10 हजार परियोजनाएं पूरी होती थीं, जबकि अनुच्छेद 370 हटने के बाद हर साल 50 हजार से अधिक परियोजनाओं और बुनियादी ढांचे के कार्य पूरे किए जा रहे हैं।
