जम्मू में दिन भर घर से नहीं निकले मुफ्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीडीपी संरक्षक मुफ्ती सईद के यहां पहुंचते ही शुक्रवार को सियासी हलचल तेज हो गई। सभी दलों की निगाहें मुफ्ती के अगले कदम पर है। मुफ्ती ने अंबफला स्थित आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर ताजा राजनीतिक हालातों पर चर्चा की। समझा जाता है कि अगले कुछ दिनों में सरकार गठन की दिशा में कुछ सकारात्मक नतीजे सामने आ सकते हैं।
सूत्रों का कहना है कि मुफ्ती शुक्रवार को दिनभर अंबफला आवास पर ही रहे। वे कल देर शाम श्रीनगर से यहां पहुंचे थे। उनके आने की सूचना पर सुबह से ही कार्यकर्ता और पार्टी नेता आवास पर पहुंचने लगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ताजा राजनीतिक हालात पर चर्चा की।
सूत्र बताते हैं कि सरकार न बनने की स्थिति में लोगों में उपज रही नाराजगी को भी पार्टी नेताओं ने मुफ्ती के सामने रखा। पूर्व मुख्यमंत्री ने जल्द ही सियासी धुंध छंटने की उम्मीद जताई। उधर, सूत्रों का कहना है कि महबूबा मुफ्ती भी अगले कुछ दिनों में यहां आ सकती हैं। तब जाकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होंगी।
मुफ्ती के अगले कदम पर सभी की निगाहें
इधर, मुफ्ती के अगले कदम पर सभी दलों की निगाहें टिकीं हुई हैं। भाजपा, नेकां, कांग्रेस सब पीडीपी के कदम का इंतजार कर रही हैं। पीडीपी प्रवक्ता नईम अख्तर का कहना है कि फिलहाल कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है। राजनीतिक हालात पहले की ही तरह हैं।
त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में किसी भी गठजोड़ के आगे न आने पर रियासत में राज्यपाल शासन लागू हो गया। भाजपा हर हाल में सरकार बनाने पर अड़ी हुई है। कहा जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान यह तय हो जाएगा कि कौन किसके साथ जाता है। मतलब साफ है कि पीडीपी-भाजपा के बीच खिचड़ी पकती है या फिर कोई और गठबंधन परवान चढ़ता है।
राजनीतिक पंडितों का मानना है कि राज्यसभा की दो-दो सीटों पर कब्जा करने की रणनीति के तहत दलों के बीच गठबंधन होगा। इसी के साथ नई सरकार की तस्वीर भी साफ हो सकती है।
उम्मीदवार तय करने पर मंथन
जम्मू कश्मीर में सरकार गठन पर फंसी पेच के बीच राज्यसभा चुनाव को लेकर एक बार फिर सियासत गर्माने लगी है। चार सीटों के लिए सात फरवरी को होने वाले चुनाव की रणनीति बनाने में पार्टियां जुट गई हैं।
सियासी दलों के शीर्ष नेतृत्व स्तर पर चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है। दावेदार भी लाबिंग करने में जुट गए हैं। विधानसभा सभा के सचिव एवं राज्यसभा चुनाव के लिए रिटर्निंग अफसर मोहम्मद रमजान की ओर से 21 जनवरी को राज्यसभा की चार सीटों के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा और पीडीपी के मुख्य प्रवक्ता नईम अख्तर का कहना है कि चुनाव के संबंध में पार्टी नेतृत्व सही समय पर फैसला ले लेगा।