जम्मू-कश्मीरः रवीन्द्र रैना बने बीजेपी के नए प्रदेशाध्यक्ष, कहा- उम्मीदों पर खरा उतरूंगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव को लक्ष्य साधकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने तेजतर्रार विधायक एवं संघ के करीबी माने जाते रवीन्द्र्र रैना को प्रदेश भाजपा की कमान रविवार को सौंप दी। रैना को तत्काल प्रभाव से प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है।
प्रदेशाध्यक्ष के साथ साथ शहरी विकास मंत्री की दोहरी जिम्मेदारी संभाल रहे सत शर्मा को प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने रविवार को पत्र जारी कर रवीन्द्र्र रैणा को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की तरफ से तत्काल प्रभाव से प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त का आदेश जारी किया।
खास बात यह रही कि प्रदेश भाजपा कार्यालय व नेताओं से पहले सोशल मीडिया पर रवीन्द्र्र रैना को प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने का पत्र वायरल हो गया। उस समय निवर्तमान अध्यक्ष सत शर्मा और महासचिव संगठन अशोक कौल नई दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे।
रवीन्द्र रैना की नियुक्ति की सूचना मिलने पर सत शर्मा ने नई दिल्ली जाने का फैसला टाल दिया और नए प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र रैना नई दिल्ली रवाना हो गए। वह सोमवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैैठक में हिस्सा लेने के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और महासचिव राम माधव के अलावा राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात भी करेंगे।
विवादों में था गहरा नाता
रैना 2014 के विधानसभा चुनाव में नौशेरा सुंदरबनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने। विधानसभा में लंगेट से निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद से उनकी नोकझोंक सुर्खियों में रही। बीफ पार्टी के मामले पर रैना ने विधानसभा में ही भाजपा के अन्य कुछ विधायकों के साथ इंजीनियर रशीद की पिटाई भी कर दी थी।
विधायक बनने से पूर्व रैना भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष थे। उन्हें संघ का करीबी भी माना जाता है। रैना ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर जो भरोसा जताया है उस पर वह खरा उतरने के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे।