{"_id":"879b1d100471571989c1117eb2b48331","slug":"mixed-weather-in-jammu-kashmir-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"रियासत में मौसम के कई रंग, कहीं गर्मी तो कहीं सर्दी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रियासत में मौसम के कई रंग, कहीं गर्मी तो कहीं सर्दी
अमृतपाल सिंह बाली/अमर उजाला, श्रीनगर
Updated Sun, 24 May 2015 12:51 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत में शनिवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। जम्मू संभाग के कठुआ में 41.4 और जम्मू में 40.2 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ शनिवार इस सीजन में अब तक सबसे गर्म दिन रहा। भीषण गर्मी के बीच लू के थपेड़ों ने इंसानों के साथ-साथ जीव जंतुओं को भी बेहाल कर दिया। तपती गर्मी से सड़कें सूनी रहीं। वहीं, घाटी के कई हिस्सों में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है।
विज्ञापन
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। अगले चार दिन तक ऐसा ही मौसम बने रहने की उम्मीद है। रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शनिवार सुबह मौसम साफ रहने के बाद दोपहर को अचानक काली घटाएं छाने के साथ हल्की बारिश हुई। श्रीनगर में 0.2 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का अधिकतम तापमान 25.0 और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विज्ञापन
श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में 1.0 मिलीमीटर बारिश से पारा गिर गया है। काजीगुंड में 0.8, कुपवाड़ा में 1.0 मिलीमीटर बारिश हुई। सोनमर्ग सहित अन्य कई इलाकों में तेज बारिश हुई। जम्मू में शनिवार को पारा सामान्य से तीन डिग्री ऊपर चढ़कर 40 के पार चला गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री ऊपर 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। लेकिन, शाम को अचानक मौसम ने करवट बदली।
विज्ञापन
तेज हवाएं चलने से मौसम सुहावना हुआ। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में भी दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीती रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में कश्मीर के कई हिस्सों में हल्की बारिश के साथ जम्मू और लेह में बादल छाए रहेंगे।
स्थान - न्यूनतम तापमान
लेह - 4.3
पहलगाम - 4.8
गुलमर्ग - 6.5
कारगिल - 6.6