शोपियां में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर आतंकी हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
DEMO PIC
दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के इमाम साहब इलाके में बुधवार को आतंकियों ने सेना की एक पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया। इसमें सेना का एक जवान घायल हो गया। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर सेना ने गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर को श्रीनगर से करीब 52 किलोमीटर दूर इमाम साहब इलाके के थरिना गांव के करीब आतंकियों द्वारा सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) की पेट्रोलिंग यूनिट की गाड़ी पर गोलियां बरसाईं गईं।
उन्होंने बताया कि आतंकियों ने सेब के बाग से हमला बोला। इससे लगता है कि वे पहले से ही घात लगाए बैठे थे। हमले में एक जवान की गर्दन में गोली लगी है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि घायल जवान का इलाज अवंतीपोरा के सैन्य अस्पताल में चल रहा है। पिछले एक सप्ताह से आतंकी गतिविधियों में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां चौकस हो गईं हैं।
खानयार पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमला
आतंकियों ने 12 घंटे से भी कम समय के अंतराल में दूसरी बार सुरक्षा बलों को निशाना बनाया। बुधवार की देर रात खानयार पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमला किया।
इसमें एक एसआई समेत चार जवान घायल हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र को घेरकर जबर्दस्त तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। रात लगभग पौने नौ बजे आतंकी पुलिस स्टेशन के बाहर पहुंचे।
उन्होंने पहुंचते ही पुलिस स्टेशन को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड फेंका। इसमें पुलिस का एक एसआई, दो कांस्टेबल तथा एक सीआरपीएफ का जवान घायल हो गया। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया है।