J&K: महबूबा बोलीं, हालात से निपटने के दौरान सुरक्षा बल बरतें संयम
यूनिफाइड कमांड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज समय की आवश्यकता लोगों खासकर युवाओं की सार्थक भागीदारी बढ़ाने की है, ताकि वे समाज और विकास में योगदान दे सकें। उन्होंने कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ाने को कहा।
साथ ही प्रशासन को लोगों तक अधिक पहुंच बनाने की हिदायत दी ताकि उनकी आवश्यकताओं तथा समस्याओं को अधिकाधिक सुलझाया जा सके। बैठक में राज्य में समग्र सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा की गई जिसमें बार्डर तथा एलओसी पर पाक गोलाबारी से उत्पन्न स्थिति तथा घुसपैठ पर चर्चा की गई।
सुरक्षा बलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की हिदायत देने के साथ ही कहा गया कि किसी भी स्थिति में घुसपैठ न होने पाए। बैठक में उपस्थित डिप्टी सीएम डा. निर्मल सिंह ने कहा कि आतंकी घटनाओं से भी सख्ती से निपटा जाए। किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था की स्थिति न बिगड़ने दी जाए।
प्रशासन के साथ भी हो बेहतर ताल मेल
इसके साथ ही घाटी में तेजी से सुधर रहे हालात के बीच नौजवानों को शामिल करते हुए शांति बहाली के प्रयास किए जाएं। इस कार्य में सुरक्षा बलों के साथ ही प्रशासन भी बेहतर तालमेल बनाए। आतंकवाद के मुद्दे पर 2017 में अच्छी सफलता मिली है।
इसे आगे भी जारी रखा जाए। बैठक में मुख्य सचिव बी बी व्यास, जीओसी उत्तरी कमान लेफ्टिनेंट जनरल देवराज अनबू, 15वीं कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल जे एस संधू, 16वीं कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सरणजीत सिंह, प्रधान सचिव गृह आर के गोयल, 9वीं कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल वाई वी के मेनन, 14वीं कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल एस के उपाध्याय, पुलिस महानिदेशक डा. एसपी वेद, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रोहित कंसल, एडीजीपी एजी मीर और मुनीर अहमद खान, डिवकाम कश्मीर बशीर अहमद खान, बीएसएफ और सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर जनरल जम्मू व कश्मीर फ्रं टियर्स और अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।