छोटी उम्र के आरोपियों से नरमी बरते प्रशासन : महबूबा
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने युवाओं को समाज का सबसे बड़ा खजाना बताया है। महीनों लगातार हिंसा से हुए नुकसान का जिक्र करते हुए महबूबा ने कहा, सरकार और समाज के हर वर्ग को नुकसान झेलना पड़ा है। अब अवाम को नुकसान के पैमाने का अहसास होने लगा है। युवा तालीम के बूते बर्बाद वक्त के नुकसान को कम कर सकते हैं।
महबूबा अनंतनाग डिग्री कालेज परिसर में कालेज छात्राओं के लिए आयोजित स्कूटी वितरण समारोह को संबोधित कर रही थीं।उन्हाेंने कहा कि विद्यार्थियों को तालीम पर ध्यान देना होगा। समाज से गैर बराबरी, गरीबी और अनदेखी को दूर करने में यही उनके लिए सबसे कारगर हथियार बन सकता है।
महबूबा ने कहा कि इस्लाम में भी ज्यादा से ज्यादा जानकारी जुटाने पर जोर दिया गया है। दुनिया में ज्ञान की अर्थव्यवस्था ने अन्य सभी अर्थव्यवस्थाओं को पीछे छोड़ दिया है। जम्मू-कश्मीर के युवाओं की प्रतिभा पर महबूबा ने कहा, हमारे युवा असीमित प्रतिभा से भरे हुए हैं। जब भी उन्हें अवसर मिला है, वे मिसाल बनकर उभरे हैं। ऐसे में युवाओं को हर अवसर को भुनाना होगा।
स्कूटी योजना पर उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए स्कूटी और छात्रों के लिए आल टेरेन बाइक स्कीम बनाई गई है। इससे पूर्व शिक्षा मंत्री नईम अख्तर ने तालीम के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 19 छात्राओं को स्कूटी की चाबी थमाई।
'छोटी उम्र के आरोपियों से नरमी बरते प्रशासन'
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कश्मीर हिंसा के दौरान उपद्रव के आरोप में नामजद किए गए टीन एजर आरोपियों के प्रति नरम रुख अपनाने के निर्देश दिए हैं। अनंतनाग दौरे में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए महबूबा ने कहा, हिंसा से संबंधित जिन मामलों में जिन युवाओं के खिलाफ गंभीर आरोप नहीं है या फिर उनकी उम्र बेहद छोटी है, उन्हें नरमी के नजरिए से देखा जाए।
हालांकि महबूबा ने कहा, अब बहुत कम संख्या में ही युवा हिरासत में हैं। इससे पूर्व उन्होंने बर्फबारी के सीजन में बुनियादी जरूरत की वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा बिजली, पानी, चिकित्सा, सड़क और राशन की आपूर्ति पर्याप्त पैमाने पर की जाए।