सीएम महबूबा और डिप्टी सीएम निर्मल सिंह ने जवानों की शहादत पर जताया दु:ख
जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में एलओसी पार से गोलाबारी में दो सैनिकों के शहीद होने पर गहरा दुख व्यक्त किया। कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से सीमावर्ती राज्य होने के नाते दहशत का माहौल व्याप्त होता है।
शहीदों के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करे। वहीं उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने पुंछ जिले के कृष्णा घाटी इलाके में दो सैनिकों की हत्या पर रोष व्यक्त किया है।
उन्होंने इस घटना को कायरतापूर्ण कृत्य बताते हुए कहा कि यह पाक सेना के बर्बर रवैये को परिलक्षित करता है। शहीदों के परिवार वालों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
खतरनाक अपराधीकरण की ओर इशारा : महबूबा
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने पांच पुलिसकर्मियों और दो बैंक अधिकारियों के आतंकी हमले में मारे जाने पर शोक व्यक्त किया है। घटना की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना समाज के खतरनाक अपराधीकरण की ओर जाने को प्रतिबिंबित करती है।
उन्होंने श्रीनगर के खानयार क्षेत्र में रविवार को ग्रेनेड हमले में एक नागरिक की मौत पर दु:ख व्यक्त किया। कहा कि बार-बार हिंसा खतरनाक प्रभावों की चेतावनी दे रही हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी का भविष्य बनाने के लिए नागरिक समाज से इससे ऊपर उठने की अपील की।