जम्मू। श्री अमरनाथ और बूढ़ा अमरनाथ यात्री न्यास के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उप राज्यपाल के प्रमुख सचिव एवं श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ नितिश्वर कुमार से मुलाकात की। न्यास के अध्यक्ष पवन कुमार कोहली सहित अन्य सदस्यों ने अमरनाथ यात्रा के संदर्भ में अपने सुझाव और मांगें रखीं। इसमें तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांग की गई। एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें यात्रा संबंधी तैयारियों की समीक्षा के लिए न्यास के साथ बोर्ड सदस्यों की बैठक की मांग की गई। उन्होंने कहा कि यात्रा अवधि ज्येष्ठ पूर्णिमा से लेकर श्रावण पूर्णिमा तक निर्धारित होनी चाहिए, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, लंगर और ठहरने आदि की उचित व्यवस्थाएं होनी चाहिए। भक्तों की सुगम यात्रा के लिए बालटाल से लेकर दोमेल के बीच बैटरी कार सेवा शुरू करने, श्री अमरनाथ यात्रा के तथ्यों पर आधारित इतिहास के वर्णन के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर शोख कराने, यात्रा मार्ग पर स्थायी शेल्टर की व्यवस्था करने के मुद्दों पर चर्चा की गई। कोहली ने आग्रह किया कि अमरनाथ यात्रा के प्रति लोगों में बढ़ रही श्रद्धा के कारण इस बार यात्रा का शुभारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाए। सीईओ ने आश्वासन दिया कि मांगों और सुझावों पर अमल करने के लिए बोर्ड प्रबंधन पूरा प्रयास करेगा। प्रतिनिधिमंडल में कर्ण सिंह चाढ़क, शक्ति दत्त शर्मा, सुदर्शन खजूरिया के अलावा बोर्ड से अतिरिक्त सीईओ अनूप कुमार सोनी भी मौजूद रहे।