मुफ्ती की दो टूक, निजी प्रैक्टिस चुनें या नौकरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस (सिक्मस) के डाक्टरों को दो टूक फरमान जारी करते हुए मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा है कि या तो निजी प्रैक्टिस चुनें या फिर स्किमस को। यदि यहां तैनात डाक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर प्रतिबंध है, तो इस पर सख्ती से अमल होगा। इस पर सख्ती से नजर भी रखी जाएगी। बुधवार को स्किमस की गवर्निंग बॉडी की बैठक लेते हुए मुफ्ती ने यह आदेश अधिकारियों को दिए।
बैठक में वित्त मंत्री हसीब द्राबु, स्वास्थ्य मंत्री लाल सिंह, राज्य स्वास्थ्य मंत्री आसिया नक्श, मुख्य सचिव इकबाल खांडे और विभाग के आयुक्त सचिव भी मौजूद थे। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि स्किमस में दिल्ली के एम्स की तरह सुविधाएं हैं और यहां पर फैकल्टी भी है। इसलिए इसे एम्स की तरह प्रभावी बनाना होगा। इसके लिए सभी डाक्टरों को मौजूद रहना होगा।
ऐसा तब ही संभव होगा, जब डाक्टर निजी प्रैक्टिस नहीं करेंगे। यहां आने वाले किसी मरीज को चंडीगढ़ के पीजीआई या फिर दिल्ली के एम्स नहीं जाना पड़े। जो मरीज जाते हैं, उन्हें लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। कई गरीब मरीजों को भी जाना पड़ता है। स्किमस के ढांचे का इस्तेमाल करने की आवश्यकता है, लेकिन उनके पास पैसे नहीं होते।
राज्य के उप जिला और जिला स्तर के अस्पतालों में भी सुविधाएं मजबूत करने पर बल दिया गया है। स्किमस के रीजनल कैंसर सेंटर के डाक्टर शौकत जरगर ने बताया कि कैंसर संस्थान के लिए 120 करोड़ के अनुदान की मंजूरी मिली है। इसमें से पहली किस्त का 47 करोड़ बहुत जल्द जारी होगा।
शिक्षा का स्तर बढ़ाएगी सरकार: मुख्यमंत्री
रियासत में शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए किए जाएंगे कार्य। शिक्षा और आईटी सेक्टर को रियासत को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए प्रयास होंगे। कश्मीर यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित विशेष दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हमारे राज्य में शिक्षा क्षेत्र को बेहतर बनाने के लिए सब कुछ है, सिर्फ काम करना बाकी है। उन्होंने कहा कि हमारे राज्य की यूनिवर्सिटी और अन्य शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों को शिक्षा और विज्ञान में किए जाने वाले शोध कार्यों के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य में शिक्षा के स्तर में सुधार करने के लिए पुरजोर प्रयास कर रही है। इसके साथ ही राज्य में आईटी सेक्टर को और भी बेहतर और विकसित करने के लिए सरकार बंगलूरू के आईटी के साथ मिलकर कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने दीक्षांत समारोह में शामिल होने आए प्रो. सीएनआर राव को डाक्टर आफ साइंस (हानेररी) डिग्री से सम्मानित किया।
इस मौके पर गवर्नर एनएन वोहरा, शिक्षा मंत्री नईम अख्तर, स्वास्थ्य मंत्री चौधरी लाल सिंह, राज्य मंत्री आसिया, कश्मीर यूनिवर्सिटी के उपकुलपति खुर्शीद इकबाल अंद्राबी उपस्थित थे।