लोकसभा चुनाव: उधमपुर सीट के लिए लाल सिंह, जितेंद्र सिंह समेत 15 उम्मीदवार मैदान में, अंतिम दिन आठ ने भरा पर्चा
उधमपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की संख्या 15 हो गई है। अंतिम दिन कुल आठ उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में 19 अप्रैल को होने वाले आम चुनाव के पहले चरण के लिए उधमपुर लोकसभा क्षेत्र से बुधवार को कुल आठ उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही उम्मीदवारों की संख्या 15 हो गई है।
उम्मीदवारों में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मेहराज दीन, राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी से राजेश मनचंदा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से कवरिंग कंडीडेट दिव्या सूरज प्रताप सिंह, इंकलाब विकास दल (आईवीडी) से सचिन गुप्ता, एकम सनातन भारत दल से मनोज कुमार, कटड़ा के बलवान सिंह और निर्दलीय के रूप में पंकज शर्मा ने नामांकन दाखिल किया।
28 को नामांकन पत्रों की जांच
नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को दोपहर एक बजे होगी। 30 मार्च को दोपहर तीन बजे से पहले नामांकन वापस ले सकते हैं। 30 मार्च की शाम को ही चुनाव चिह्न आंबटित किए जाएंगे। जिला चुनाव अधिकारी एवं डीसी ने बताया कि 19 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान और चार जून को मतगणना होगी।
इंजीनियर हैं इंकलाब विकास दल के सचिन
इंकलाब विकास दल की टिकट से उधमपुर सीट से उतरे सचिन गुप्ता सिविल इंजीनियर हैं। 37 वर्षिय सचिन के नाम पर कोई वाहन, मकान या भूमि नहीं है। 1 लाख 55 हजार 555 रुपए नकदी जरूर है। पत्नी के पास 55,555 की नकदी है। सचिन के बैंक खाते में 42,518 और पत्नी के खाते में 50,341 रुपए जमा हैं। किसी थाने में कोई मामला भी दर्ज नहीं है। कोई कर्ज भी नहीं है। इसके अलावा, उन पर बिजली, पानी और टेलीफोन का बकाया बिल भी नहीं है। यह जानकारी उन्होंने नामांकन के साथ दिए शपथ पत्र में दी है।
पोस्ट ग्रेजुएट हैं निर्दलीय उम्मीदवार मेहराज दीन
उधमपुर संसदीय क्षेत्र से डोडा निवासी पोस्ट ग्रेजुएट मेहराज दीन ने भी बुधवार को नामांकन दाखिल किया। बुधवार को जिला चुनाव अधिकारी कार्यालय में दाखिल किए शपथ पत्र में मेहराज दीन ने जानकारी दी कि उनके पास 45 हजार रुपए की नकदी है। इसके अलावा, बैंक में उनके पास कोई पैसा जमा नहीं है।
उनके पास खुद के नाम नाम पर कोई वाहन, मकान या जमीन नहीं है। गहने भी नहीं है। शपथ पत्र में बताया गया कि उन पर गंडोह थाना में तीन मामले दर्ज हैं। जिनमें एक धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला भी है। 2012 में वह पोस्ट ग्रजुएट हुए। उन पर 2 लाख रुपए का कर्ज भी है। इसके अलावा, उन पर बिजली, पानी और टेलीफोन का बकाया बिल भी नहीं है।
कटड़ा के बलवान सिंह ने दाखिल किया नामांकन
उधमपुर संसदीय क्षेत्र से रियासी जिले के कटड़ा निवासी बलवान सिंह (57) ने भी नामांकन दाखिल किया है। वह किसान हैं और गणित के स्नातकोत्तर हैं। एमएबीएड बलवान सिंह ने यह जानकारी बुधवार को जिला चुनाव अधिकारी कार्यालय कठुआ में नामांकन दर्ज करवाते समय दिए शपथ पत्र में दी है।
इसमें बताया गया है कि कटड़ा में प्रदर्शन करने पर उनके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। उनके पास 30 हजार रुपये की नकदी और 34004 रुपये बैंक में जमा हैं। उनके पास 250 ग्राम गहने हैं। कुल चल संपत्ति 64004 है। उनके पास पुश्तैनी दो कनाल भूमि है, जिसकी कीमत 10 लाख रुपये है। नाम पर कोई वाहन या मकान नहीं है। इसके अलावा, उन पर बिजली, पानी और टेलीफोन का बकाया बिल भी नहीं है।
बसोहली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नेता जगह-जगह रैलियां, सभाएं और बैठकें कर मतदाताओं को रिझाने में लगे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना बसोहली पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा नेता ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां बता कर पक्ष में करने का प्रयास किया।
बसोहली पहुंचने के बाद एक रैली का आयोजन किया गया। रैली बसोहली बस अड्डे से शुरू हुई और मुख्य बाजार से होते हुए रामलीला मैदान में पहुंच कर संपन्न हुई। जनता को संबोधित करते हुए रविंद्र रैना ने कहा केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताईं और पूर्व की सरकारों की ओर से किए गए कार्यों से उनकी तुलना की। साथ ही उन्होंने जनता से चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।