Weather Updates: जम्मू संभाग में तेज हवा के साथ हल्की बारिश, घाटी और लद्दाख में जम गए पानी के स्रोत
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार बुधवार से अगले 48 घंटों के लिए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण जम्मू और कश्मीर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। इसमें कुछ स्थानों पर मौसम ज्यादा खराब हो सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू कश्मीर में मौसम के बिगड़े मिजाज से जनजीवन प्रभावित है। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का असर प्रदेश में भी दिख रहा है। जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में घने कोहरे और बादलों के कारण बुधवार को यातायात प्रभावित होता रहा। इसके साथ ही हवाई सेवाओं पर भी इसका असर दिख रहा है। कोहरे के कारण रेल सेवा लगातार प्रभावित है। प्रतिदिन कई ट्रेनें निर्धारित समय से घंटों की देरी से पहुंच रही हैं। मैदानी इलाकों में कोहरे से कम दृश्यता के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते हुए गुजर रहे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार बुधवार से अगले 48 घंटों के लिए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण जम्मू और कश्मीर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। इसमें कुछ स्थानों पर मौसम ज्यादा खराब हो सकता है। जम्मू में बुधवार दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ जम्मू में तेज हवाओं के बाद हल्की बारिश हुई। यहां सुबह के समय 25 मीटर तक दृश्यता रह गई थी। कम रोशनी के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
मंगलवार को जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री गिरकर 14.0 और न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा गिरकर 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में न्यूनतम तापमान 0.8, बटोत में 4.2, कटड़ा में 7.6 और भद्रवाह में 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के कई हिस्सों में घने कोहरे के साथ बादल छाए रहे।
हालांकि यहां दिन और रात के तापमान में सामान्य से 3 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई है। सर्दी से कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। राजधानी श्रीनगर में दिन का तापमान 7.2 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 48 घंटों में मौसम खराब होने की सूरत में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग और मुगल रोड पर मार पड़ सकती है।
जम्मू आने वाली 11 ट्रेनें देरी से पहुंचीं
कोहरे के कारण ट्रेन परिचालन भी प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को जम्मू-कटड़ा आने वालीं 11 ट्रेनें अपने तय समय से देरी से पहुंचीं हैं। पिछले एक महीने से ट्रेनें लगातार देरी से पहुंच रहीं हैं। इसके कारण रेल यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मंगलवार को ट्रेन नंबर 14609 ऋषिकेश-जम्मू तवी दो घंटे की देरी से पहुंची।
12331 हवाड़ा-जम्मू तवी हिमगिरी एक्सप्रेस नौ घंटे की देरी से पहुंची है। 12237 वाराणसी- जम्मू तवी बेगमपुरा एक्सप्रेस आठ घंटे 30 मिनट, 13151 कोलकत्ता-जम्मू तवी सियालदह एक्सप्रेस नौ घंटे 30 मिनट, 12355 पटना-जम्मू अर्चना एक्सप्रेस 10 घंटे, 14645 जैसलमेर- जम्मू तवी शालीमार दो घंटे 30 मिनट, 11077 पुणे- जम्मू तवी झेलम एक्सप्रेस चार घंटे लेट पहुंची
स्थान तापमान (डि. से.)
लेह -7.6
पहलगाम -3.2
गुलमर्ग -4.4
कोकरनाग -3.6
काजीकुंड -0.8
कश्मीर में अधिकांश स्थानों पर पारा पहुंचा जमाव बिंदु से नीचे
श्रीनगर में अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में अधिकांश स्थानों पर पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया। हालांकि श्रीनगर और कुपवाड़ा में तापमान में हल्का सा उछाल आया है। अधिकारी के अनुसार, श्रीनगर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की रात 0.9 डिग्री सेल्सियस था। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में तापमान शून्य से 3.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
सीमांत जिले कुपवाड़ा में पारा जमाव बिंदु से ऊपर 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम, जो वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर के रूप में भी काम करता है, का तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो शून्य से 0.7 डिग्री नीचे था। उन्होंने कहा कि बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी में दिन का तापमान लगातार दूसरे दिन कम रहा।
इसकी वजह है कि सभी मौसम स्टेशनों पर पारा 10 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार करने में विफल रहा। इस बीच मौसम विभाग कार्यालय ने कहा कि ऊंचाई वाले इलाकों में कई स्थानों पर मध्यम बर्फबारी की संभावना है। घाटी के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम हिमपात होने की उम्मीद है।
जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञानियों ने कहा कि मंगलवार और बुधवार को मौसम में बादल छाए रहेंगे, जम्मू के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ व्यापक मध्यम बर्फबारी और ऊपरी इलाकों में भारी हिमपात की संभावना है।