लेह: सीजन की सबसे सर्द रात, पारा माइनस 17 डिग्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वीरवार दिन में रियासत के लोगों को कड़ाके की सर्दी से हल्की राहत मिली थी, पर शाम ढलते ही पारा फिर लुढ़का। वीरवार की रात लेह में अब तक के सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज हुई। कारगिल और श्रीनगर में भी पारा एक से दो डिग्री तक लुढ़का।
जम्मू में हालांकि, शुक्रवार दिन को कुछेक इलाकों को छोड़कर धूप खिली रहने से लोगों को ठंड से राहत का दौर जारी रहा। पर रात को पारा सामान्य से कम दर्ज किया गया। लेह में वीरवार की रात पारा माइनस 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कारगिल में पारा 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
श्रीनगर में अब तक के सीजन की सबसे ठंडी रात 27 दिसंबर (माइनस 5.6 डिग्री सेल्सियस) दर्ज हुई थी। बुधवार रात श्रीनगर में दिनभर मौसम साफ रहने और धूप खिली रहने के चलते रात का पारा माइनस 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
सोनमर्ग में बर्फबारी की संभावना
पर वीरवार रात को पारा लुढ़क कर माइनस 5.4 दर्ज किया गया। मौसम विभाग श्रीनगर के अधिकारी यशपाल शर्मा ने बताया कि शनिवार शाम से मौसम बदलने की संभावना है। पत्नीटाप, नत्थाटाप सहित घाटी के पर्वतीय क्षेत्रों गुलमर्ग और सोनमर्ग आदि में बर्फबारी की संभावना है।
घाटी के मैदानी क्षेत्रों में बारिश का भी अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक पांच जनवरी तक मौसम फिर से सामान्य हो जाएगा और नौ जनवरी तक ठीक रहेगा। लद्दाख और कश्मीर संभाग के अधिकतर इलाकों में पारा लगातार शून्य से कई डिग्री नीचे दर्ज किए जाने के चलते डल झील समेत ज्यादातर जल स्रोत जम गए हैं और पाइप से पेयजल सप्लाई भी काफी हद तक प्रभावित हुई है।
श्रीनगर के अलावा घाटी में काजीगुंड में वीरवार रात का पारा माइनस 5.2 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में माइनस 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार रात (माइनस7.2 डिग्री सेल्सियस) की तुलना में पहलगाम में भी पारा लुढ़कने से ठंड बढ़ गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू में दो जनवरी को न्यूनतम पारा सामान्य तौर पर आठ डिग्री तक दर्ज किया जाता है। पर वीरवार रात को जम्मू में न्यूनतम पारा 6.9 डिग्री दर्ज किया गया।