बड़ी खबरः भारतीय सेना पर बैट हमला करने की फिराक में थे मारे गए पाक सैनिक
पुंछ जिले के मेंढर इलाके में उस पार मारे गए पाक सैनिक नापाक हरकत करने वाले थे। वह भारतीय सीमा में घुसकर भारतीय सेना के जवानों पर बैट हमला करना चाहते थे। इसकी जानकारी भारतीय सेना को मिली।
इससे पहले कि पाक सैनिक किसी आगे बढ़कर हरकत को अंजाम देते। भारतीय सेना के जवानों ने उन्हें पहले ही ढेर कर दिया। खुफिया एजेंसियों के सूत्रों का कहना है कि मारे गए पाक सैनिक भारतीय सेना पर बैट हमला करने आ रहे थे।
रात को करीब 2 बजे पाक सैनिक कुछ आतंकियों के साथ हमला करने आ रहे थे। वह भारतीय सेना के जवानों से 200 मीटर की दूरी पर अपनी तरफ घात लगा कर बैठे थे। सेना को इसकी जानकारी लगी।
भारतीय सेना की स्पेशल फोर्स के कमांडोज ने आगे बढ़कर इनको ढेर कर दिया। सूत्रों का यह भी कहना है कि यह कार्रवाई भारतीय सेना ने पीओके में फिर से घुसकर ही की है। इस बैट टीम की अगुवाई पाक सेना के मेजर रैंक के अधिकारी कर रहे थे।
भारतीय स्पेशल फोर्स ने पाक सेना के अफसर सहित सात पाक सैनिकों को ढेर कर दिया। इसी इलाके में नवंबर 2016 में भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक भी किया था। जबकि 2013 में 8 जनवरी को मेंढर के कृष्णा घाटी में ही पाक की बैट टीम ने हमला किया और दो भारतीय जवानों के सिर काट दिए थे।
अब बैट हमला नहीं होने देंगे
चकां दा बाग में भारतीय सेना ने पीओके में करीब 250 मीटर भीतर घुसकर पाक सेना के मेजर सहित चार सैनिकों को ढेर कर दिया था। 27 दिसंबर को भारतीय सेना ने यह कार्रवाई की थी।
यह सब भी भारतीय सेना पर किसी बड़े हमले की तैयारी कर रहे थे। सूत्रों का कहना है कि अब भारतीय सेना पाक की बैट टीम के हमला करने से पहले ही उसका सफाया करने की रणनीति पर काम करेगी। इसके लिए अगर पीओके में बार बार घुसना पड़ा तो भी सेना पीछे नहीं हटेगी।