कैद से आजाद युवक का दावा, सोशल मीडिया पर यह काम कर रहा था पाकिस्तानी आतंकी
उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के अजस इलाके से अगवा पुलिस कर्मी का भाई मुदसिर अहमद खान आतंकियों के छोड़ने के बाद घर पहुंचा तो उसने बताया कि इस दौरान पाकिस्तानी आतंकी लगातार फोन पर सोशल मीडिया के जरिये किसी के संपर्क में था।
मुदसिर ने बताया कि आतंकियों ने जब उसे छोड़ा तो साथ में उन्होंने धमकी दी कि अगर उसके भाई ने पुलिस की नौकरी नहीं छोड़ी तो उसे मार देंगे। उन्होंने उसके भाई को मारने की धमकी दी थी, इसलिए उसे मजबूरन उनके साथ जाना पड़ा।
अगर ऐसा नहीं करता तो भाई की जान को खतरा हो सकता था। मुदसिर ने बताया कि उसे अगवा करने वालों में एक स्थानीय और एक पाकिस्तानी आतंकी था।
कई जवानों की कर चुके हैं हत्या
आतंकियों ने दक्षिणी कश्मीर में हाल ही में छुट्टी पर आए सेना के एक जवान को इसी तरह से अगवा करने के बाद मार दिया था। इससे पहले सेना के एक युवा लेफ्टिनेंट को आतंकियों ने ऐसे ही बेरहमी से मारा था। बांदीपोरा में भी आतंकियों ने हाजिन इलाके में छुट्टी पर आए एक बीएसएफ जवान की हत्या की थी।
पुलिसकर्मियों के परिवार की सुरक्षा की अपील
मुदसिर ने पुलिस कर्मियों के परिवार वालों की सुरक्षा के बारे में सरकार से ध्यान देने की अपील की है। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से अपील की कि अगर पुलिस कर्मी ड्यूटी कर अपना फर्ज निभाते हैं तो सरकार को भी उनके परिवार वालों की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाना चाहिए।