Kheer Bhawani Mela: जम्मू से क्षीर भावानी मेले के लिए रवाना हुए कश्मीरी पंडित, मां के जयघोष से गूंजा नगरोटा
कश्मीरी पंडित परिवार शुक्रवार को जम्मू से घाटी में लगने जा रहे क्षीर भवानी मेले में शामिल होने के लिए रवाना हुए। जम्मू के मंडल आयुक्त रमेश कुमार ने झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को मेले के लिए रवाना किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के तुलमुला इलाके में स्थित क्षीर (खीर) भवानी मंदिर में वार्षिक मेले का आयोजन 28 मई को होने जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए शुक्रवार को सुरक्षा के साथ बसों में सवार होकर कश्मीरी पंडित परिवार जम्मू से रवाना हुए। जम्मू के मंडल आयुक्त रमेश कुमार ने झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को मेले के लिए रवाना किया।
मंडल आयुक्त रमेश कुमार ने कहा कि यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालु भक्ति भाव से माता के मेले में शामिल होने के लिए जाएं।
घाटी में पांच मंदिरों में लगता है मेला
कश्मीर में पांच मंदिरों में क्षीर भवानी मेलों का आयोजन किया जाता है। गांदरबल के तुलमुल्ला में, कुलगाम के मंजगाम व देवसर में, अनंतनाग के लोगरीपोरा में और कुपवाड़ा के टिक्कर में रागनी भगवती मंदिर में मेले का आयोजन होता है।
तुलमुल्ला मंदिर में होता है मुख्य आयोजन
इनमें से विशाल चिनार के पेड़ों की छाया में बसे तुलमुल्ला मंदिर में गांदरबल के तुलमुल्ला स्थित क्षीर भवानी मंदिर में बड़ी संख्या में कश्मीर और देश के विभिन्न हिस्सों में बसे पंडित के माता का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कहा कि वह मेले में शामिल होने के जा रहे हैं, इसके लिए उन्हें बेहद खुशी हो रही है। जम्मू-कश्मीर में शांति और समृद्धि के लिए माता से प्रार्थना करेंगे। मेले से कश्मीरी पंडितों की कई यादें जुड़ी हैं, जिसके चलते कश्मीरी पंडितों को इसका बेसब्री से इंतजार रहता है।
क्षीर भवानी मंदिर में श्रदालुओं के लिए यात्री भवन बनेगा- उपराज्यपाल
गांदरबल के तुलमुला में स्थित माता क्षीर भवानी के मंदिर में भक्तों की भीड़ को देखते हुए यात्री भवन का निर्माण किया जाएगा। जिला प्रशासन और संबंधित सरकारी विभाग भवन निर्माण के लिए जल्द विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करेंगे। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीरवार को खीर भवानी मंदिर के निरीक्षण के दौरान भवन की घोषणा की।
उपराज्यपाल ने क्षीर भवानी मेले के लिए रसद व्यवस्था, बिजली, पानी की आपूर्ति, आवश्यक वस्तुओं, चिकित्सा सेवाओं और अन्य आवश्यक प्रबंधों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने माता रानी के दरबार में माथा टेका और पूजा अर्चना की। इस दौरान कश्मीरी पंडित समुदाय ने उपराज्यपाल को पारंपरिक फिरम पेश किया।
उपराज्यपाल ने ज्येष्ठ अष्टमी के शुभ अवसर पर की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए। उन्होंने कश्मीरी पंडित समुदाय के सदस्यों से बातचीत करते हुए उनके मुद्दों पर चिंताओं पर चर्चा की। संभागीय आयुक्त कश्मीर को समुदाय के सदस्यों की समस्याओं को हल करने के लिए एक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। इस साल ज्येष्ठ अष्टमी पर क्षीर भवानी मंदिर में क्षीर भवानी मेले का आयोजन किया जा रहा है।
जम्मू: जानीपुर मंदिर में होगा भव्य आयोजन
जम्मू में ज्येष्ट अष्टमी के उपलक्ष्य में जानीपुर के खीर भवानी मंदिर में 28 मई को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में दूर दराज से लोग तो आते ही है इसके साथ-साथ विदेश में रहने वाले पंडित भी जम्मू के खीर भवानी मंदिर में एक रात्रि पहले आकर माथा टेकते हैं।
आयोजन के बारे में बताते हुए अजय रैना ने बताया कि 28 मई सुबह 6 बजे से हवन शुरू हो जाएगा। इसकी पूर्णाहुति एक बजे तक होगी। आने वाले भक्तजन के लिए 1.30 बजे लंगर शुरू हो जाएगा। सामूहिक आरती का समय शाम 7.15 का है। यह कार्यक्रम राघेन्या सेवा संगठन ट्रस्ट करवा रहा है।