पाकिस्तान ने कश्मीरी टाउनशिप के विरोध का राग अलापा
पाकिस्तान ने कश्मीर में भारत सरकार की ओर से कश्मीरी पंडितों के लिए अलग टाउनशिप निर्माण करने के फैसले का विरोध करते हुए कहा कि ऐसा करना संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों का उल्लंघन होगा।
पाकिस्तान की विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता तसनीम असलम ने वीरवार को एक पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि भारत बाहरी लोगों को कश्मीर में बसाकर वहां की डेमोग्राफी (जनसांख्यिकी) को नहीं बदल सकता।
इस दौरान असलम ने चार अप्रैल को गुजरात तट पर ओमानी जहाज डूब जाने पर भारतीय अधिकारियों द्वारा बचाए गए पाकिस्तानी नाविकों के साथ अनुचित व्यवहार करने और उन्हें अस्थायी आवास की भी उचित सुविधा न मुहैया कराने पर भी आड़े हाथ लिया। (फोटो-सोशल मीडिया)
पाक ने लगाए भारत पर झूठे आरोप
तसनीम असलम ने कहा कि एक रिपोर्ट के मुताबिक बचाए गए 17 लोगों में 15 पाकिस्तानी थे। यमन के लोगों को भारतीय अधिकारियों द्वारा एक होटल में ठहराया गया जबकि 15 पाकिस्तानियों को पुलिस थाने में रखा गया।
असलम ने कहा कि इस मामले में पाकिस्तान हाई कमीशन की ओर से नई दिल्ली से संपर्क कर पाकिस्तानी नाविकों को जल्द लौटाने और उनके लिए उचित व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया है।
साथ ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी नाव से 600 करोड़ के 232 किलो नारकोटिक्स बरामद होने के मामले में भी भारत की ओर से अभी तक पाकिस्तान के सवालों का जवाब नहीं दिया गया है।