जम्मू। जम्मू-कश्मीर बैंक को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को बढ़ावा देने और वित्तीय समावेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बड़ा सम्मान मिला है। क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट फॉर माइक्रो एंड स्मॉल एंटरप्राइजेज (सीजीटीएमएसई) ने वित्त वर्ष 2024-25 में सबसे अधिक गारंटी प्रदान करने के लिए बैंक को अवाॅर्ड दिया है।
यह सम्मान उत्तर पूर्व क्षेत्र, जम्मू कश्मीर और लद्दाख श्रेणी में दिया गया। समारोह मुंबई में सीजीटीएमएसई की रजत जयंती पर हुआ। इसमें देश भर के बैंकों, वित्तीय संस्थाओं और एनबीएफसी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जेके बैंक की ओर से महाप्रबंधक (सीबीओ) तारिक अली, जोनल हेड (मुंबई) रियाज अहमद वानी और नोडल अधिकारी (सीजीटीएमएसई) अफताब अहमद शल्ला ने एसआईडीबीआई के उप प्रबंध निदेशक प्रकाश कुमार और सीजीटीएमएसई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष सिन्हा से पुरस्कार प्राप्त किया। बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ चटर्जी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान एमएसएमई क्षेत्र में बैंक के योगदान को और बढ़ाने के हमारे संकल्प को मजबूत करता है। ब्यूरो