झेलम का जलस्तर गिरा, बाढ़ का खतरा टला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झेलम में जलस्तर गिरने से घाटी में बाढ़ का खतरा टल गया है। राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के साथ कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार सुबह से बारिश रुकने पर लोगों ने राहत की सांस ली। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के चीफ इंजीनियर मीर जावेद जाफर ने बताया कि बारिश थमने से अब बाढ़ का खतरा नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में राज्य में मौसम साफ रहेगा। इस बीच मंगलवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए एकतरफा राष्ट्रीय राजमार्ग खुला रहा। जम्मू में सीजन में पहली बार पारा 33 डिग्री के पार चला गया। कारगिल 0.8 डिग्री तापमान के साथ राज्य में सबसे सर्द चल रहा है।
गत रविवार से घाटी में मूसलाधार बारिश से झेलम नदी सहित अन्य नदी-नालों के उफान पर रहने से आसपास और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया था, लेकिन मंगलवार सुबह मौसम में सुधार होने पर झेलम का जलस्तर कम हो गया।
कहां कितनी हुई बारिश
श्रीनगर के लसजन इलाके के मोहम्मद अशरफ ने कहा कि सोमवार शाम को जब प्रशासन ने बाढ़ का खतरा घोषित किया था तो उन्हें सितंबर 2014 की बाढ़ का भयानक मंजर याद आ गया था। मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोट्स के अनुसार बुधवार से मौसम साफ रहेगा।
इस बीच श्रीनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 20.4 और न्यूनतम 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में मंगलवार को हलके बादल छाए रहे। यहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा।
लेह में अधिकतम 14.6 और न्यूनतम 1.0, पहलगाम में 16.0 और न्यूनतम 3.1 और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले चौबीस घंटों में भद्रवाह में 0.8, बटोत में 5.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
जानिए, रिकॉर्ड किया गया झेलम का जलस्तर
* रात आठ बजे (सोमवार)
संगम में 20.60 फीट (बाढ़ की घोषणा 21 फीट पर और खतरे का निशान 23 फीट)
राम मुंशीबाग में 17.60 फीट (बाढ़ की घोषणा 18 फीट पर और खतरे का निशान 19 फीट)
अशम में 10.50 फीट (बाढ़ की घोषणा 14 फीट पर और खतरे का निशान 15 फीट)
* रात 12 बजे
संगम में 21.10 फीट
राम मुंशीबाग में 18.40 फीट
अशम में 11.33 फीट
* सुबह 6 बजे (मंगलवार)
संगम में 21.15 फीट
राम मुंशीबाग में 19.00 फीट
अशम में 12.10 फीट
* सुबह 8 बजे (मंगलवार)
संगम में 20.95 फीट
राम मुंशीबाग में 19.10 फीट
अशम में 12.33 फीट
* शाम 7 बजे (मंगलवार)
संगम में 18.30 फीट
राम मुंशीबाग में 18.65 फीट
अशम में 12.75 फीट