रेलवे ट्रैक सपोर्ट में पड़ी दरार, रेल यातायात ठप्प
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू से उधमपुर रेल सेक्शन के बीच बजालता रेलवे स्टेशन के निकट 32 नंबर पुलिया के सपोर्ट में दरारें आ जाने से ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया है। जम्मू-उधमपुर रेलवे ट्रैक के मध्य कई जगहों पर मिट्टी, पत्थर तथा पानी के जमने से ट्रैक जहां दूसरे दिन रविवार को भी बाधित रहा।
वहीं बजालता, संगड़, रामनगर और उधमपुर के बीच रविवार दिन भर ट्रैक पर पड़े पत्थरों तथा मलबे को हटाने का काम जारी रहा है। जबकि उधमपुर तथा कटड़ा के मध्य झज्जर पुल के पास पस्सियां आ जाने से भी ट्रैक पर दिक्कतें आ गईं।
जानकारी के मुताबिक बजालता रेलवे स्टेशन के पास 32 नंबर पुलिया के सपोर्ट में दरारें आ जाने पर वहां पर दिन भर सीमेंट की बोरियों में रेत भर कर रखवाया गया तथा इंजन का ट्रायल किया गया, जबकि उधमपुर तक ट्राली से भी रेलवे अधिकारी बजालता से ट्रैक निरीक्षण करने गए।
सात टनलों के बीच में पानी और पत्थर मिट्टी
संगड़ बजालता के बीच छह और सात टनल के बीच पानी, पत्थर मिट्टी आ जाने से दिक्कतें हुईं, जिसे रविवार को क्लीयर किया गया। रामनगर रेलवे स्टेशन से लगती सोलह नंबर टनलउधमपुर छोर ट्रैक पर पेड़ गिर गया था, जिसे क्लीयर कर लिया गया है। इसके आगे मियांबाग (उधमपुर) ट्रैक पर भी मिट्टी आ गई थी, जिसे हटाने के लिए ट्रैक पर काम दिन में करवाया गया।
इनकी मुस्तैदी काबिलेतारीफ
कीमैन की ड्यूटी पर तैनात जितेंद्र कुमार यादव द्वारा बहादुरी और मुस्तैदी दिखाई गई तथा भारी बारिश के बीच ट्रैक पर पत्थर आने के कारण कटड़ा जा रही श्रीशक्ति एक्सप्रेस को रामनगर रेलवे स्टेशन से पहले ही रुकवा दिया गया।
पत्थर को हटाने के बाद रामनगर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को करीब साढ़े सात बजे लाया गया, जहां बारह घंटे तक ट्रेन वहां रुकी रही। इसके अलावा रविवार को ट्रैक को सामान्य करने के लिए रेलवे इंजीनियरों की टीम में प्रमुख रूप से प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर दिल्ली भी डीआरएम के साथ शामिल रहे।