नेशनल हाईवे बंद, रास्ते में फंसे वाहन निकाले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौसम साफ होने पर रविवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फंसे सैकड़ों वाहनों को निकाला गया, लेकिन पांचवें दिन भी हाईवे बंद रहा। इस बीच डोडा जिले के देसा के दवाल कुंड गांव में पहाड़ी खिसकने से मलबे में दबे तीन और शवों के साथ परिवार के सभी सात सदस्यों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
किश्तवाड़ के पुड़िया गांव में पहाड़ी खिसकने से दहशत में आए करीब तीन दर्जन परिवारों ने सुरक्षित स्थानों पर पलायन किया। कुंतवाड़ा गांव में भी पहाड़ी खिसकने से पांच घर ढहने के कगार पर हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में कश्मीर के कुछ हिस्सों में हलकी बारिश होगी।
जम्मू और लद्दाख में मौसम साफ रहेगा। मौसम साफ होने पर रविवार दोपहर बाद उधमपुर के खैरी राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही खोल दी गई। करीब पांच सौ वाहनों को चिनैनी, डोडा, भद्रवाह आदि रूट के लिए बारी-बारी से दोनों तरफ के लिए छोड़ा गया। इनमें श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद पत्नीटाप जाने वाले पर्यटक भी शामिल थे।
राहत और बचाव कार्य जारी
एसपी उधमपुर एमएल कैथ के अनुसार गाड़ियों को छोड़ने के साथ पूरी तरह से रास्ता साफ करने के लिए खैरी से मलबा हटाने का काम जाम जारी है। खराब मौसम से जिला मुख्यालय से कटे डोडा जिले के कई दूरदराज इलाकों में खाने के पैकेट पहुंचाए गए।
रियासी जिले की माहौर तहसील के ममनकोट और चसाना गांव से आठ मकान भूस्खलन की चपेट में आ गए, लेकिन कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। रामबन कसबे के आसपास भी पांच और मकान बारिश से ढह गए।
रामबन के पीड़ा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा बैठ गया है, लेकिन राजमार्ग पर पस्सियों को शाम तक साफ करके रास्ते में फंसे करीब पांच सौ वाहनों को निकाला गया। किश्तवाड़ से डोडा के लिए शाम को आवाजाही शुरू हो गई थी।
सोमवार को भी मौसम के साफ रहने पर हाईवे पूरी तरह से खुल सकता है। एसएसपी हाईवे संजय कोतवाल के अनुसार खैरी और रामबन-बनिहाल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग को क्लीयर करके रास्ते में फंसे हजारों वाहनों को निकाला गया है।
सोमवार को मौसम साफ रहने पर हाईवे खोल दिया जाएगा।
बेमौसम की बारिश से पुल क्षतिग्रस्त
आरएस पुरा। बेमौसम की बारिश से सड़कों के अलावा पुलों को भी नुकसान पहुंचा है। आरएस पुरा-जम्मू मार्ग पर इंदिरा नगर के पास नाले पर बने पुल को क्षति पहुंची है। सड़क टूटने से वाहन चालकों को दिक्कतों सामना करना पड़ रहा है।
इंदिरा नगर के गुरमीत सिंह, पंकज शर्मा, सुरजीत सिंह, ओम प्रकाश शर्मा का कहना है कि आजादी के पूर्व बने इस अहम पुल से कभी ट्रेन पाकिस्तान तक आती-जाती थी। विभाजन के बाद रेल सेवा ठप होने पर इस पुल पर मार्ग बनाकर वाहनों की आवाजाही के लिए प्रयोग किया जाने लगा।
एक और पुल का निर्माण भी किया गया। हालांकि वर्तमान में भी पुराने पुल को यातायात के लिए प्रयोग में लाया जा रहा है। वहीं बारिश के चलते अब पिलर कमजोर हो चुके हैं। इससे हादसों की आशंका बढ़ गई है।
कई स्थानाें पर दरारें आने के कारण कभी भी हादसा हो सकता है। लोगो ने बारिश से पुल को पहुंची क्षति पर सड़क व भवन निर्माण विभाग से इसका निरीक्षण कर सुधार करने की मांग की है।
किसानों पर बरसाया है बारिश ने कहर
आल जेएंडके किसान मजदूर पार्टी के प्रधान सरकार कालू खान हमदर्द के नेतृत्व में रविवार को बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें राज्य सरकार से किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग की गई।
साथ ही बिजली, पानी की समस्या को दूर करने की आवाज उठाई। सुबह करीब साढ़े दस बजे कालू खान हमदर्द ने बैठक में बात रखते हुए कहा कि मार्च महीने से बारिश पूरी रियासत में अपना कहर बरपा रही है।
बारिश के कारण सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को हुआ है। बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। अब किसानों को सरकारी सहायता की जरूरत है।
अगर किसानों को खराब फसल का मुआवजा नहीं मिलता है तो आने वाले दिनों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।