जम्मू-कश्मीर पंचायत उपचुनाव की अधिसूचना जारी, पहले चरण में 78 ब्लॉक में मतदान, 22 फरवरी तक नामांकन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरपंचों और पंचों के उपचुनाव के पहले चरण में पांच मार्च को 78 ब्लॉक में चुनाव होगा। इसमें जम्मू संभाग के 53 और कश्मीर संभाग के 25 ब्लॉक शामिल हैं। पहले चरण के चुनाव के लिए जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शनिवार को अधिसूचना जारी कर दी।
पांच मार्च को पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 22 फरवरी है। नामांकन पत्रों की जांच 24 फरवरी और नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 26 फरवरी है। मतदान सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। मतदान के बाद मतगणना उसी दिन की जाएगी।
इस बीच चुनाव के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। भाजपा समेत कुछ राजनीतिक दलों की भी सक्रियता बढ़ गई है। हालांकि नेकां और पीडीपी की ओर से चुनाव में भागीदारी को लेकर अभी स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। दरअसल, दोनों ही दलों के प्रमुख नेता नजरबंद चल रहे हैं। चुनाव की घोषणा के साथ जम्मू-कश्मीर में आचार संहिता लागू हो गई है। इसका सख्ती से पालन किया जा रहा है।
जम्मू और कश्मीर संभाग के ब्लॉक
जम्मू संभाग में भलवाल ब्राह्मणा, खौड़, सामवन, खारा बल्ली, परगवाल, अखनूर, मैरा, मांद्रैया, चौकी चौरा, मथवार, भलवाल और मढ़ ब्लॉक, पुंछ जिले में पुंछ, बालाकोट, मनकोट और मेंढर ब्लॉक, राजोरी में मंजाकोट, पंजग्राईं, लंबेरी, सियोट, डंगरी, राजोरी, डुंगी, किला दरहाल, नौशेरा सेरी, सुंदरबनी, दरहाल, थन्नामंडी, प्लंगेर, बुद्धल, राजनगर, खवास, कालाकोट और मोगला ब्लॉक, रियासी में भमाग, थकराकोट, पौनी, रियासी, पंथल और कटड़ा ब्लॉक, सांबा में पुरमंडल, बाड़ी ब्राह्मणा, विजयपुर, सांबा, नड, सुंब, रामगढ़, घगवाल, और राजपुरा ब्लॉक. ऊधमपुर जिले में जगानू, नरसू, टिकरी और उधमपुर ब्लॉक।
कश्मीर संभाग के ब्लॉक
अनंतनाग में पहलगाम और दाछिनपुरा ब्लॉक, बांदीपोरा में गनास्तान, नौगाम और सुंबल, बारामुला में कंडी बेल्ट राफियाबाद, राफियाबाद और पट्टन, बडगाम में सुखनाग और बीरवाह, गांदरबल में सफापोरा और शीरपत्थरी, कुलगाम में बेहिबाग, कुपवाड़ा में ववूरा, सोगाम, रजवार और हंदवाड़ा, पुलवामा में काकापोरा, पंपोर, शोपियां में जैनपोरा और श्रीनगर में हरवान, खोनमोह, श्रीनगर और कमरवाड़ी ब्लॉक।