{"_id":"69ebdcf72d226e9c9404e231","slug":"jammu-kashmir-news-samba-news-c-289-1-sba1003-112099-2026-04-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jammu News: चरागाह विवाद में महिला से मारपीट मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jammu News: चरागाह विवाद में महिला से मारपीट मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश
विज्ञापन
विज्ञापन
सांबा। जिले के पंगवाल क्षेत्र में चरागाह को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट, अभद्रता और भेड़ें छीनने के गंभीर मामले में अदालत ने कड़ा संज्ञान लिया है। अतिरिक्त विशेष मोबाइल मजिस्ट्रेट सांबा ने थाना सांबा के प्रभारी को मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानून के अनुसार जांच करने के निर्देश दिए हैं।
अदालत में दायर याचिका के अनुसार पंगवाल की रहने वाली खानाबदोश समुदाय की पीड़िता गत 24 मार्च की सुबह अपने पशुओं को चराने के लिए छंब क्षेत्र स्थित बसंतर नदी के पास गई थी। इसी दौरान आरोपियों मंजूर अहमद, अब्दुल लतीफ, जुनैद और शौकत (सभी मौजूदा निवासी मंडी थलोरा, सांबा) ने उसे रास्ते में रोक लिया।
विज्ञापन
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे उस क्षेत्र में पशु चराने से मना किया और गाली-गलोज शुरू कर दी। जब महिला ने बताया कि वह और उसका परिवार पिछले लगभग 40 वर्षों से वहां पशु चराते आ रहे हैं तो आरोपी भड़क गए और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान महिला के कपड़े फाड़ दिए गए और उसे शरीर पर कई चोटें आईं।
विज्ञापन
याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उसकी छह भेड़ें जबरन छीन लीं और लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। भयभीत महिला किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकली और घर पहुंची।
घटना के बाद पीड़िता के पति और परिवार के लोगों ने थाना सांबा में शिकायत दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 7 अप्रैल 2026 को एसएसपी सांबा को भी रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से शिकायत भेजी गई फिर भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि संज्ञेय अपराध की जानकारी मिलने पर एफआईआर दर्ज करना अनिवार्य है और पुलिस इससे बच नहीं सकती। इसी आधार पर अदालत ने थाना सांबा को निर्देश दिए हैं कि मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
