ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले के पहाड़ी क्षेत्र के गांव जोगवां से नीली नाला सड़क पर वीरवार सुबह रेत से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। इसमें दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। हादसा गांव चडुएं के पास हुआ। छह मजदूर लिफ्ट लेकर गांव थेंह कमदीनी से गांव मल्ला लकड़ी की कटाई का काम करने जा रहे थे। मृतकों की पहचान जगन नाथ (50) और राज कुमार (35) निवासी गांव कमदीनी नथल, तहसील खड़ाह बल्ली जिला जम्मू के रूप में हुई है। घायलों की पहचान पुरुषोत्तम लाल (28) और कुलदीप राज (34) निवासी कमदीनी, नथल तहसील खड़ाह बल्ली, जम्मू के रूप में हुई है। इन्हें उपजिला अस्पताल सुंदरबनी ले जाया गया, जहां पर दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
मजदूर मदन लाल ने बताया कि वह सभी छह लोग (मजदूर) हर रोज की तरह गांव मल्लां में लकड़ी की कटाई करने के लिए जोगवां नीली नाला सड़क पर पैदल जा रहे थे। तभी गुजर रही रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली को रोककर लिफ्ट ले ली। मदन लाल ने बताया कि मैं और एक अन्य मजदूर आगे ट्रैक्टर पर बैठ गए। बाकी चार मजदूर जगन नाथ, राज कुमार, पुरुषोत्तम लाल तथा कुलदीप राज ट्राली में बैठ गये। ट्रैक्टर ट्राली की गति भी तेज थी और जब ट्रैक्टर ट्राली गांव चडुंए के पास एक मौड़ पर पहुंची तो चालक का ट्रैक्टर ट्राली से संतुलन बिगड़ गया। इससे रेत से भरी ट्राली पलट गई। ट्राली में बैठे सभी चार लोग रेत में दब गये। हम ने सभी चार लोगों को काफी मशक्कत से रेत से बाहर निकाला। मदन लाल ने बताया कि मरने वाले दोनों मजदूरों के सिर एक बड़े पत्थर से टकरा गए। हादसे की जानकारी जोगवां पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर गंभीर रूप से घायल जगन नाथ और राज कुमार को जोगवां पीएचसी ले जाया गया, यहां पर किसी भी डाक्टर के मौके पर नहीं मिलने पर एंबुलेंस में खौड़ उपजिला अस्पताल लाया गया। यहां इन दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। हालांकि चालक मौके से भाग निकला।