Target killing case: कुलगाम आतंकी हमले में मारी गई शिक्षिका रजनी बाला के नाम पर होगा गोपालपोरा स्कूल, सभी स्कूलों में दी जाएंगी श्रद्धांजलि
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि स्कूल का नाम बदलने की व्यवस्था की जा रही है। रजनी बाला के पति को आश्वस्त किया गया है कि उनकी सभी मांगों और चिंताओं पर सरकार प्राथमिकता से काम करेगी। शिक्षिका रजनी बाला के दसवें पर वीरवार को प्रदेश के सभी स्कूलों में असेंबली के दौरान सुबह साढ़े बजे दो मिनट का मौन रखा जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कश्मीर घाटी के कुलगाम जिले में गोपालपोरा स्कूल अब आतंकी हमले में मारी गई शिक्षिका रजनी बाला के नाम से जाना जाएगा। इसके साथ जम्मू-कश्मीर के सभी स्कूलों में वीरवार को रजनी बाला के दसवें के दिन दो मिनट का मौन रखा जाएगा और उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि स्कूल का नाम बदलने की व्यवस्था की जा रही है।
रजनी बाला के पति को किया गया आश्वस्त
रजनी बाला के पति को आश्वस्त किया गया है कि उनकी सभी मांगों और चिंताओं पर सरकार प्राथमिकता से काम करेगी। उधर शिक्षा विभाग के अंडर सेक्रेटरी मोहम्मद इकबाल मीर की ओर से जम्मू और कश्मीर संभाग के स्कूल एजुकेशन विभाग के निदेशकों को निर्देश जारी किया गया है।
असेंबली के दौरान दो मिनट का मौन रखा जाएगा
शिक्षिका रजनी बाला के दसवें पर वीरवार को प्रदेश के सभी स्कूलों में असेंबली के दौरान सुबह साढ़े बजे दो मिनट का मौन रखा जाएगा। उन्होंने जारी निर्देश में यह भी कहा कि सभी यह सुनिश्चित करेंगे कि 12 बजे तक प्रशासनिक विभाग को इसकी तसवीरें भेजी जाएं।
31 मई को हुई थी शिक्षिका की हत्या
शिक्षिका रजनी बाला को 31 मई को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के गोपालपोरा हाई स्कूल में आतंकवादियों ने गोलियों का निशाना बनाया था, जिससे उनकी मौत हो गईं थी।
रजनी बाला के घर पहुंचे एलजी हर संभव मदद का दिया भरोसा
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने सांबा स्थित रजनी बाला के घर जाकर परिवार सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार रजनी बाला के परिवार के साथ है। उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। वहीं, पीड़ित परिजनों की ओर से ज्ञापन सौंपकर रजनी बाला के लिए शहीद का दर्जा मांगा गया।
बेटी सना को मां रजनी बाला के सभी पेंशन लाभ देने की मांग
रजनी बाला के ससुर राम लाल की ओर से हस्ताक्षरित ज्ञापन में एलजी प्रशासन से बेटी सना को मां रजनी बाला के सभी पेंशन लाभ देने, सेवानिवृत्ति तिथि तक पेंशन के तौर पर पूरा वेतन, बेटी की पढ़ाई का खर्च और वयस्क होने पर नौकरी की मांग रखी। वहीं, रजनी के पति राज कुमार को मौजूदा परिस्थितियों के चलते तत्काल गृह क्षेत्र सांबा में स्थानांतरित करने की मांग भी उठाई गई। रजनी के पति राजकुमार ने कहा कि उप राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया है।
प्रेरणों का स्रोत थीं रजनी : एलजी
सांबा में रजनी के परिवार वालों से मुलाकात के बाद एलजी ने ट्वीट कर लिखा - आज सांबा स्थित रजनी बाला के परिवार वालों से मुलाकात की है। रजनी कश्मीर घाटी में ऐसी शिक्षक थीं, जिनकी सभी प्रशंसा करते थे और सेवाकाल के दौरान प्रेरक शिक्षक के रूप में उन्हें स्नेह भी मिला। जम्मू-कश्मीर प्रशासन रजनी बाला के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगा।
रजनी के पति बोले- नहीं जाऊंगा कश्मीर
सांबा। रजनी बाला के पति राज कुमार ने कहा कि उपराज्यपाल उनके निवास पर आए थे। उन्होंने उपराज्यपाल के समक्ष कह दिया है कि वे अब कश्मीर में ड्यूटी ज्वॉइन नहीं करेंगे। उन्हें जम्मू में ही तैनात किया जाए। उन्होंने कहा कि कश्मीर में किसी की भी हत्या की जा सकती है। वे दहशत में हैं।
कश्मीर में माहौल रहने लायक नहीं
अब वहां रहने लायक माहौल नहीं है। राज कुमार ने कहा कि एलजी ने उनसे रजनी के तबादले संबंधी पत्र को लेकर समय के बारे में जानकारी पूछी। उन्होंने उपराज्यपाल को पूरा प्रकरण बता दिया है। इस अवसर पर पुलिस एडीजीपी मुकेश सिंह, डिवकॉम रमेश कुमार, उपायुक्त अनुराधा गुप्ता, एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन, डीडीसी अध्यक्ष केशव दत्त के अतिरिक्त डीडीसी सदस्य, बीडीसी, पंच-सरपंच व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। संवाद