Reasi Terrorist Arrested: सियासी दल से जुड़ा था लश्कर आतंकी तालिब, डीजीपी बोले- पाकिस्तानी साजिश की हो रही जांच
डीजीपी दिलबाग सिंह ने लश्कर आतंकियों को पकड़ने वाले ग्रामीणों की बहादुरी की सराहना की है। रियासी जिले के माहौर पहुंचे डीजीपी ने कहा कि इस तरह के तत्व हमेशा ऐसी जगहों का सहारा लेने की कोशिश करते रहते हैं । पकड़ा गया आतंकी लंबे समय तक पार्टी में नहीं रहा। वह कुछ समय के लिए पार्टी से जुड़ा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कि लश्कर-ए-ताइबा का आतंकवादी तालिब हुसैन शाह कुछ समय के लिए एक राजनीतिक दल से जुड़ा रहा था और उसने खुद को मीडियाकर्मी के तौर पर भी पेश किया था। ऐसे तत्व अपनी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए इस तरह की कोशिश करते रहते हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आतंकियों को पकड़ने वाले ग्रामीणों की बहादुरी की सराहना
लश्कर आतंकियों को पकड़ने वाले ग्रामीणों की बहादुरी की सराहना करने रियासी जिले के माहौर पहुंचे डीजीपी ने पत्रकारों से कहा कि इस तरह के तत्व हमेशा ऐसी जगहों का सहारा लेने की कोशिश करते रहते हैं जहां वे अपनी राष्ट्रविरोधी गतिविधियां जारी रख सकें। खुशी की बात है कि वह लंबे समय तक पार्टी में नहीं रहा। वह कुछ समय के लिए पार्टी से जुड़ा था।
राजनीतिक दल से जुड़ा मसला नहीं
उन्होंने भाजपा में शामिल होने की शाह की मंशा के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उससे पूछताछ की जा रही है और हम पड़ताल पूरी होने पर ब्योरा साझा करेंगे। यह केवल एक राजनीतिक दल से जुड़ा मसला नहीं है। वह मीडियाकर्मी के तौर पर भी खुद को पेश करता था।
पाकिस्तान और उसकी एजेंसियों की साजिश
वह पहला मीडियाकर्मी नहीं है जिसे गिरफ्तार किया गया क्योंकि हमने अतीत में ऐसे कई लोगों को गिरफ्तार किया है और भविष्य में भी ऐसी गिरफ्तारियां होंगी। कहा कि पाकिस्तान और उसकी एजेंसियां आतंकी संगठनों के माध्यम से जम्मू में आतंकवाद को पुनर्जीवित करने की लगातार कोशिश कर रही हैं लेकिन जम्मू पुलिस ने उनकी कोशिशों को नाकाम करने में सराहनीय भूमिका निभाई है।
तालिब की गिरफ्तारी व अमरनाथ यात्रा से संबंध नहीं
पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने पाकिस्तान से तस्करी कर लाए गए स्टिकी बमों को एक गंभीर खतरा बताया लेकिन यह भी कहा कि अमरनाथ यात्रा के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था है जो सुचारु रूप से चल रही है। सीमा पार लगभग 150 आतंकवादी मौजूद हैं, लेकिन सुरक्षा बल पूरी तरह से सतर्क हैं। सुरक्षा बलों ने आतंकियों के घाटी में घुसने के मंसूबों को विफ ल कर दिया है। अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा संबंधी सभी उपाय किए गए हैं। कहा कि अमरनाथ यात्रा और गिरफ्तारी दोनों के बीच कोई संबंध नहीं है। यह एक बड़ी सफलता है क्योंकि तालिब हुसैन शाह राजोरी में सिलसिलेवार बम धमाकों में शामिल था।
लोग ऐसे बहादुर बनें तो जड़ से उखड़ जाएगा आतंकवाद
पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कि रियासी के टुकसन ढोक में जिस तरह से ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाकर आतंकियों को पकड़ा है, लोग ऐसी निडरता दिखाएं तो आतंकवाद का जड़ से खात्मा हो जाएगा। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह के साथ माहौर पहुंचे डीजीपी ने कहा कि आतंकियों को पकड़ने में मदद करने वाले युवकों को सेना और पुलिस की भर्ती में प्राथमिकता दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना में भी ऐसे बहादुर युवकों को तरजीह दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
टुकसन में खुले पुलिस चौकी ग्रामीणों को दिए जाएं हथियार
रियासी। माहौर तहसील के टुकसन ढोक गांव में दो आतंकियों को पकड़ने वाले ग्रामीणों ने टुकसन इलाके में पुलिस चौकी खोलने की मांग उठाई है। सोमवार को पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह के माहौर तहसील मुख्यालय दौरे पर ग्रामीणों ने कहा कि साहड़-3 पंचायत का टुकसन ढोक गांव सड़क संपर्क से बहुत दूर है। ऐसे इलाके में आतंकी गतिविधि पर नजर रखने के लिए पुलिस की स्थायी चौकी स्थापित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इलाके के लोगाें के पास हथियार भी नहीं है। ग्रामीण रक्षा समूह (विलेज डिफेंस ग्रुप) का गठन कर ग्रामीणों को हथियार दिए जाने चाहिएं ताकि आपात स्थिति में वह अपनी व दूसरों की रक्षा कर सकें। संवाद
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
सोशल मीडिया पर सामने आईं कुछ तस्वीरों में तालिब को भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं के साथ देखा गया। एक तस्वीर में उसे भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रवींद्र रैना के साथ देखा गया। इस तस्वीर में रैना नौ मई को शाह को एक गुलदस्ता दे रहे हैं और पार्टी नेता शेख बशीर द्वारा जारी एक पत्र भी दे रहे हैं जिसमें उसे पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के आईटी और सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।
आतंकवादी तालिब हुसैन भाजपा का सदस्य नहीं: रवींद्र रैना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा हैं कि रियासी से पकड़ा गया लश्कर का आतंकवादी तालिब हुसैन भाजपा का न तो सक्रिय सदस्य हैं और न ही प्राथमिक सदस्य। उन्होंने तालिब के भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के आईटी सेल का प्रभारी होने की सोशिल मीडिया में वायरल हो रही खबरो को गलत बताया है।