Udhampur Bus Blast: धमाकों से शांत उधमपुर जिले को अशांत करने की साजिश, शहर में दहशत का माहौल
उधमपुर के दोमेल इलाके में बस में धमाका हुआ तो किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि आठ घंटे के अंदर ही दूसरी बस में भी धमाका हो जाएगा। जब लोगों को इसका पता चला तो पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के सबसे शांत और सुरक्षित कहे जाने वाले उधमपुर जिले में पहली बार एक के बाद एक सीरियल ब्लास्ट हुए हैं। इन्होंने लोगों के दिलों में दहशत भर दी है। इन धमाकों से पहले उधमपुर में दो बार विस्फोट हुए हैं और वे मामले सुलझ भी गए थे। मौजूदा हमलों को देख कर लग रहा है कि आतंकी अब शांत जिले को ही अशांत करने का प्रयास कर रहे हैं।
बुधवार रात को जब दोमेल इलाके में बस में धमाका हुआ तो किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि आठ घंटे के अंदर ही दूसरी बस में भी धमाका हो जाएगा। जब लोगों को इसका पता चला तो पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया। लोग बस अड्डे पर आने से भी डरने लगे। वहीं, लगातार उधमपुर शहर को निशाना बनाए जाने पर सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ गई हैं।
इससे पहले दो मई 2011 को आतंकियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पर खड़ी कार को आईईडी लगाकर उड़ाया था। शहर से सटे बिरमा पुल के पास आतंकियों का निशाना मेजर जनरल थे। उनके काफिले के गुजरने के दौरान धमाका हुआ था। हालांकि, वह बच गए थे, लेकिन एक दूध विक्रेता की मौत हो गई थी। साथ ही कुछ लोग घायल भी हुए थे।
इसके 11 वर्ष बाद बाद 9 मार्च 2022 को शहर के सलाथिया चौक पर आतंकियों ने स्टिकी बम से धमाका किया। इसमें एक मजदूर की मौत और 17 लोग घायल हुए थे। अब छह महीने बाद 28 और 29 सितंबर को एक के बाद एक दो धमाके बस में हुए। इससे पता चलता है कि प्रदेश के सबसे शांत जिले को निशाना बनाकर आतंकी अपनी मौजूदगी का अहसास करवाने का प्रयास कर रहे हैं।
उधमपुर में हाई अलर्ट, यात्रियों को उतार कर ली गई बसों की तलाशी
उधमपुर में आठ घंटों में दो धमाकों के बाद पूरे उधमपुर में हाई अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस ने जिले के विभिन्न हिस्सों में नाके लगाकर वाहनों की तलाशी शुरू कर दी है। विशेष तौर पर यात्री वाहनों की तलाशी ली जा रही है। वीरवार को यात्रियों को नीचे उतार कर बसों की अच्छे से तलाशी ली गई। जो बसें उधमपुर से रवाना हो चुकी थीं, उन्हें रास्ते में रोक कर तलाशी ली गई। जब पुलिस को बस अड्डे पर खड़ी बस में दूसरे धमाके की जानकारी मिली तो पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया।
सबसे पहले बसों की तलाशी शुरू हुई। जो बसें उधमपुर बस अड्डे से विभिन्न रूटों के लिए निकल चुकी थीं, पुलिस ने उनकी पूरी जानकारी ली और इनकी जांच के आदेश दिए। इन सभी बसों को रास्ते में रोका गया और यात्रियों को नीचे उतार कर बसों की अच्छी तरह तलाशी ली गई। साथ ही पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में नाके लगा कर वाहनों की तलाशी ली।
दूसरा धमाका रामनगर रूट पर जाने के लिए खड़ी बस में हुआ है। इसमें किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मामले की सही जानकारी जांच पूरी के बाद ही दी जा सकेगी। जांच के लिए स्थानीय व बाहर से विशेषज्ञ बुलाए गए हैं। उधमपुर में रात से ही हाई अलर्ट था। बिना चेकिंग के किसी बस को रवाना नहीं होने दिया। बस अड्डे से रवाना बसों को रोक कर जांच की जा रही है। - मोहम्मद सुलेमान चौधरी, डीआईजी, उधमपुर-रियासी रेंज