{"_id":"5fd7af3f8ebc3e41d57c2f20","slug":"jammu-had-the-coldest-day-of-the-season-on-monday","type":"story","status":"publish","title_hn":"जम्मू में सीजन का सर्द दिन बीता, पारा दस डिग्री तक गिरा, कश्मीर में दिनभर खिली रही धूप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जम्मू में सीजन का सर्द दिन बीता, पारा दस डिग्री तक गिरा, कश्मीर में दिनभर खिली रही धूप
Tue, 15 Dec 2020 12:00 AM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
Published by: Vikas Kumar
Updated Tue, 15 Dec 2020 12:00 AM IST
विज्ञापन
सर्दी में गर्म कपड़ों में नजर आए लोग
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर में सोमवार को मौसम के दो रंग देखने को मिले। कश्मीर में जहां दिनभर धूप खिलने के साथ मौसम साफ रहा वहीं शीतकालीन राजधानी जम्मू दिनभर कोहरे की चादर में लिपटा रहा। जम्मू में मौसम के बदले मिजाज से शीतलहर ने जोर पकड़ लिया है, यहां सोमवार को दिन का तापमान सामान्य से 9.8 डिग्री तक गिरकर 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे सर्द दिन बीता। कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। लेह और कारगिल में भी शरीर को जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन इससे मैदानी इलाकों में कोहरे का प्रभाव बढ़ेगा।
विज्ञापन
जम्मू में प्रात: ही घना कोहरा छा गया था। पुराने शहर के अलावा जानीपुर, सर्कुलर रोड, तवी पुल, विक्रम चौक, तालाब तिल्लो के साथ सीमांत क्षेत्रों में कोहरे से दृश्यता कम हो गई थी। कोहरे के कारण राहगीरों के साथ आम लोगों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ी। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए दिखे। बाजारों में भी कोहरे के कारण खरीदारों की रौनक कम रही। कई बाजारों में समय से पहले ही प्रतिष्ठान बंद हो गए थे। दोपहर को भी मौसम अधिक साफ नहीं हो पाया और कोहरे की छटा बिखरी रही। शहर और आसपास के हिस्सों में बर्फीली हवाओं से जनजीवन प्रभावित है। सर्दी के कारण लोग जरूरी कार्यों के लिए ही बाहर निकल रहे हैं। शाम होते ही बाजारों और गली मोहल्लों में सन्नाटा छाने लगता है। इसमें बिजली कटौती भी परेशानी कर रही है।
विज्ञापन
जम्मू में बीती रात का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो दिन के तापमान से कुछ ही कम था। संभाग के बनिहाल में दिन का तापमान 14.0, बटोत में 12.3, कटड़ा में 13.4, भद्रवाह में 13.2 और श्रीनगर में 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के अधिकतर जिलों में दिनभर धूप खिली रही। लेकिन कड़ाके की ठंड भी रही। बर्फीली हवाएं शरीर को चीरने का काम कर रही हैं। जिला उधमपुर के पहाड़ी हिस्सों में दोपहर बाद कोहरा छा गया था। इसी तरह जिला पुंछ, राजोरी और कठुआ के पर्वतीय क्षेत्रों में कोहरा रहा।
विज्ञापन
न्यूनतम तापमान
लेह माइनस 13.2
कारगिल माइनस 11.8
गुलमर्ग माइनस 9.0
पहलगाम माइनस 6.7
श्रीनगर माइनस 1.4
भद्रवाह माइनस 1.4