{"_id":"640b8e45a9c951728a0ae924","slug":"jammu-bandh-called-today-in-protest-against-property-tax-2023-03-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"जम्मू बंद: कहीं दुकानें बंद तो कहीं खुले रहे बाजार, अन्य दिनों की तरह सड़कों पर दौड़े यात्री वाहन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जम्मू बंद: कहीं दुकानें बंद तो कहीं खुले रहे बाजार, अन्य दिनों की तरह सड़कों पर दौड़े यात्री वाहन
Sun, 12 Mar 2023 02:20 PM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 12 Mar 2023 02:20 PM IST
सार
सरकार की ओर से संपत्ति कर लगाए जाने के विरोध में बंद बुलाया गया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस, पीडीपी, पैंथर्स पार्टी ने बंद का समर्थन दिया है जबकि ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने बंद का समर्थन न करते हुए सभी वाहन तथा मेटाडोर सुचारु रूप से चलते रहने की घोषणा की है।
विज्ञापन
जम्मू वेयर हाउस में बंद दूकानें
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
संपत्ति कर के खिलाफ शनिवार को चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू का जम्मू बंद का मिलाजुला असर दिखा। शहर में अधिकांश जगह दुकानों के शटर गिरे दिखे, तो कई बाजार खुले भी रहे। उच्चतम न्यायालय में वकीलों ने कामकाज ठप रखकर बंद का समर्थन किया। नरवाल स्थित फल और सब्जी मंडी में रोजमर्रा की तरह भीड़ पहुंची।
विज्ञापन
बंद को राजनीतिक दलों में पीडीपी, कांग्रेस, नेकां, प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी, पैंथर्स पार्टी आदि का समर्थन था। शहर की सड़कों पर यात्री वाहन चलते रहे। बंद के दौरान कहीं से भी तोड़फोड़ या किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। इस दौरान पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
विज्ञापन
पुराने शहर के रघुनाथ बाजार, कनक मंडी, सिटी चौक, लखदाता बाजार, पीर मिट्ठा, लिंक रोड, पुरानी मंडी, शालामार, राजतिलक रोड, पक्का डंगा, कच्ची छावनी के अलावा गोल मार्केट आदि जगहों पर सुबह व्यापारी प्रतिष्ठान बंद रहे। लेकिन दोपहर बाद कुछ जगहों पर कुछ प्रतिष्ठान खुल गए थे। इस बीच चैंबर के पदाधिकारियों ने बाजारों में पहुंचकर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की।
विज्ञापन
चैंबर प्रधान अरुण गुप्ता ने दावा किया कि उनकी काल पर शांतिपूर्ण जम्मू बंद रहा है। हमने किसी प्रतिष्ठान को जबरन बंद कराने की कोशिश नहीं की। शहर के अधिकांश बाजार बंद के समर्थन में रहे। यह बंद व्यापारी संगठनों के समर्थन से ही किया गया था। हमने सरकार को समय दिया है जिसके बाद संपत्ति कर के खिलाफ अगली रणनीति बनाई जाएगी।
वहीं, युवा राजपूत सभा ने शहर के बाहरी इलाके में बोहड़ी से तालाब तिल्लो तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला, जिसे आगे जाने से पुलिस ने रोक दिया। ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस नेहरू मार्केट के प्रधान दीपक गुप्ता ने कहा कि संपत्ति कर के खिलाफ वेयर हाउस को बंद रखा गया। वेयर हाउस के भीतर कोई गतिविधि नहीं की गई।
कोविड के बाद आर्थिक दिक्कतों के कारण लोग संपत्ति कर देने के लिए तैयार नहीं हैं। इस पर सरकार को दोबारा सोचना चाहिए। हालांकि वेयर के बाहरी इलाके में कुछ प्रतिष्ठान खुले रहे। वेयर हाउस के भीतर तारकोल डालने का काम चल रहा है। वहीं, बीसी रोड पर भी प्रतिष्ठान खुले रहे। ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से पहले ही बाहर रहने के कारण बंद के दौरान यात्री वाहनों पर बंद का कोई असर नहीं दिखा।