बढ़ गई दूरियां, श्रीनगर से जम्मू अब दो से तीन दिन में
जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर लंबे जाम से यात्री परेशान हैं। रविवार रात दस बजे से ही बटोत में जाम के कारण हजारों ट्रक और अन्य वाहन हाईवे पर दोनों तरफ फंस गए। चार घंटे बाद रात दो बजे कछुआ गति से वाहनों का रेला खिसका, लेकिन पत्नीटाप पर ट्रकों के फंस जाने के कारण स्थिति फिर विकट हो गई।
सोमवार को सुबह दस बजे के बाद श्रीनगर से जम्मू की ओर वाहनों का रास्ता एकतरफा खुला, लेकिन श्रीनगर की ओर यातायात बंद ही रहा। श्रीनगर से जम्मू आने में सामान्य तौर पर 9 से 10 घंटे ही लगते हैं।
पर मौजूदा समय में लोगों को जाम के चलते श्रीनगर पहुंचने में दो से तीन दिन लग रहे हैं। सोमवार की शाम फिर जाम लग गया और दोनों तरफ हजारों वाहन हाईवे पर फिर फंस गए।
कई जगहों पर सड़क वन वे
बारिश और बाढ़ से आई विपदा के बाद अब जम्मू-श्रीनगर हाईवे खुल तो गया है पर जाम की समस्या विकराल हो गई है। रास्ते में फंसे यात्रियों को खाने-पीने का सामान भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। बारिश और भूस्खलन से कई जगहों पर सड़क वन वे हो गई है।
इसके अलावा हाईवे से इन दिनों गुज्जर-बक्करवाल मवेशियों के साथ जम्मू की ओर आ रहे हैं। इससे भी समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। बहरहाल, ट्रैफिक विभाग भी इस जाम की समस्या के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा है।
इसके चलते यात्रियों और वाहन चालकों में रोष बढ़ रहा है। हालांकि, ट्रैफिक विभाग के एसएसपी डॉ. हसीब मुगल का कहना है कि विभाग के कर्मी जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।