निवेशक सम्मेलनः मार्च में जम्मू-श्रीनगर में होंगे मिनी कॉन्क्लेव, अबतक हुए 5,297 करोड़ के करार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में मई में प्रस्तावित वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिए तैयारी और तेज हो गई हैं। सम्मेलन से पहले 15 से 20 मार्च के बीच जम्मू और श्रीनगर में दो मिनी कॉन्क्लेव करवाए जाएंगे। इनमें स्थानीय उद्योगपतियों के साथ बैठक कर उनकी मांगों, सरकार की नीतियों और योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। जम्मू-कश्मीर में निवेश योग्य परियोजनाओं के लिए 14 फोकस क्षेत्रों को सम्मेलन का केंद्रबिंदु बनाने के लिए शिनाख्त की गई है। कॉन्क्लेव के जरिए दोनों संभागों के इन्हीं संबंधित क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
मिनी कॉन्क्लेव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए स्थानीय उद्योगपतियों को एक मंच पर लाया जा रहा है। इसमें औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उद्योगपतियों की राय जानने की कोशिश की जाएगी। वैश्विक निवेशक सम्मेलन मई के आखिरी सप्ताह में प्रस्तावित है। हालांकि अभी आधिकारिक तिथि घोषित नहीं की गई है।
निवेशक सम्मेलन में केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन, बागवानी और पोस्ट हार्वेस्ट प्रबंधन, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण, रेशम के लिए शहतूत उत्पादन आदि क्षेत्रों में देश भर के उद्योगपतियों को पूंजी निवेश के अवसर प्रदान करने के साथ स्वास्थ्य और आईटी, फार्मास्युटिकल्स, विनिर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, रियल एस्टेट, हथकरघा, हस्तशिल्प और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
सम्मेलन के लिए रोड शो का सिलसिला जारी
इस बीच सम्मेलन के लिए अन्य राज्यों में रोड शो का सिलसिला जारी है। 2 मार्च को हैदराबाद में रोड शो का आयोजन कर निवेशकों को आकर्षित किया जाएगा। इससे पहले मुंबई में करवाए गए रोड शो में मनोरंजन, उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, फिल्म और पर्यटन क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर में निवेश के लिए 2,450 करोड़ रुपये के 24 करार और बंगलूरू और कोलकाता में हुए रोड शो में 2,847 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 34 करार हो चुके हैं।