मेजर गोगोई के खिलाफ कोर्ट मार्शल की प्रक्रिया पूरी, घटाया जा सकता है पद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पत्थरबाजों से बचने के लिए युवक को जीप पर बांधकर चर्चा में आए मेजर लीतुल गोगोई के खिलाफ कोर्ट मार्शल प्रक्रिया पूरी कर ली गई। अधिकारियों का कहना है कि गोगोई की वरिष्ठता को कम किया जा सकता है। वहीं, यूनिट से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के आरोपों का सामना कर रहे मेजर गोगोई के ड्राइवर समीर मल्ला के खिलाफ हाल में कोर्ट मार्शल की कार्रवाई पूरी की गई और उन्हें ‘कड़ी फटकार’ लगाई जा सकती है।
अधिकारियों ने बताया कि फरवरी में मेजर गोगोई और उनके ड्राइवर के खिलाफ सबूत पूरे होने के बाद कोर्ट मार्शल प्रक्रिया शुरू की गई थी। दोनों को स्थानीय महिला से दोस्ती और ड्यूटी स्थल से दूर होने का दोषी पाया गया है। सैन्य कोर्ट ने आरोपियों के साथ अन्य गवाहों के भी बयान दर्ज किए थे। अब सैन्य मुख्यालय द्वारा सजा पर विचार किया जाएगा।
श्रीनगर के एक होटल में हुई घटना के बाद आर्मी कोर्ट ऑफ इंक्वायरी ने मेजर गोगोई और उनके ड्राइवर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की थी। विवाद सामने आने के बाद सेना अध्यक्ष मेजर जनरल बिपिन रावत ने भी दोषी पाए जाने पर मेजर गोगोई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही थी।
यह था मामला जिसको लेकर हो रही है कार्रवाई
23 मई 2018 को उस समय विवाद खड़ा हुआ था जब यह खबर फैली थी कि सेना के एक अधिकारी को एक नाबालिग लड़की के साथ स्थानीय होटल से पुलिस ने गिरफ्तार किया जो यौन शोषण की मंशा से उसे साथ लेकर आया था। यह मामला ज्यादा तूल तब पकड़ने लगा जब यह पता चला कि पकड़ा गया अधिकारी वह है, जिसने बडगाम जिले में उपचुनाव के दौरान एक स्थानीय युवक को ह्यूमन शील्ड बनाया था।
इस मामले से चर्चा में आए थे मेजर गोगोई
सेना पर हो रही पत्थरबाजी को रोकने के लिए 28 साल के बुनकर फारूक अहमद डार को 9 अप्रैल 2017 को रस्सी से बांधकर सेना की जीप के बोनट पर बांधकर करीब छह घंटे तक उसे उस इलाके के कई गांवों में घुमाया गया। यह सब बीरवाह सब-डिस्ट्रिक्ट में भारतीय सेना के बडगाम कैंप के 53 राष्ट्रीय राइफल के मेजर लीतुल गोगोई के नेतृत्व में हुआ। लीतुल का कहना था कि पत्थरबाजों से बचने के लिए सेना का ऐसा करना जरूरी था। इसके बाद सरकार द्वारा मेजर को सम्मानित भी किया गया था।