अक्षय तृतीया पर बाजार में रौनक: ज्वेलरी शोरूम में बढ़ी हलचल, कारोबार में 20% उछाल की उम्मीद
अक्षय तृतीया के अवसर पर बाजार में जोरदार खरीदारी की उम्मीद है, जिसके चलते ज्वेलरी और रिटेल कारोबार में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का अनुमान लगाया गया है।
विस्तार
अक्षय तृतीया को देखते हुए शहर के कारोबारियों ने तैयारियां कर ली हैं। रविवार को खरीदारी के लिए बड़ी भीड़ उमड़ने की संभावना है। सराफा, ऑटोमोबाइल और अन्य रिटेल सेक्टर में कारोबारियों ने इस बार अतिरिक्त स्टॉक और आकर्षक योजनाओं के साथ तैयारी की है। व्यापारियों का अनुमान है कि शहर में कुल कारोबार 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ सकता है।
जैन बाजार और गांधी नगर के ज्वेलरी शोरूम में पिछले कुछ दिनों से ग्राहकों की आवाजाही तेज हुई है। ज्वेलर राजेश महाजन के अनुसार, सामान्य दिनों के मुकाबले 25 से 30 प्रतिशत अधिक स्टॉक मंगाया गया है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मेकिंग चार्ज में 15 से 25 प्रतिशत तक की रियायत और डायमंड ज्वेलरी पर विशेष स्कीम दी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों में एडवांस बुकिंग में करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऊंचे दाम के बीच ग्राहक भारी आभूषणों की बजाय हल्के और उपयोगी डिजाइन की ओर ज्यादा रुख कर रहे हैं, जबकि हॉलमार्क ज्वेलरी की मांग भी बढ़ी है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर
ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी त्योहार को लेकर उत्साह है। कैनाल रोड के कार डीलर अमित शर्मा ने बताया कि ग्राहकों के लिए पांच हजार से 50 हजार रुपये तक के कैश बेनिफिट, कम डाउन पेमेंट और सात से आठ प्रतिशत ब्याज दर पर फाइनेंस की सुविधा दी जा रही है। एक्सचेंज के तहत पुराने वाहन पर 20 हजार से 60 हजार रुपये तक का लाभ दिया जा रहा है। शुभ मुहूर्त के कारण कई ग्राहक पहले से बुकिंग कर रहे हैं, जबकि मौके पर आने वाले खरीदारों की संख्या भी अधिक रहने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार: ऑफर और कॉम्बो पैक से ग्राहकों को लुभाने की तैयारी
शहर के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में त्योहार को देखते हुए कंपनियों और रिटेलर्स ने विशेष योजनाएं लागू की हैं। कारोबारी संदीप महाजन के अनुसार, एलईडी टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन पर 10 से 30 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। कई ब्रांड्स नो-कॉस्ट ईएमआई छह से बारह महीने तक दे रहे हैं, जबकि किचन अप्लायंसेज पर कॉम्बो ऑफर और कैशबैक भी उपलब्ध हैं। उनका कहना है कि बड़े प्रोडक्ट्स की बिक्री में खास तेजी आती है, जिससे कुल कारोबार में औसतन 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होती है। मौसम को देखते हुए कूलर, ऐसी आदि की बिक्री ज्यादा होती है।
निवेश का बदला रुख: डिजिटल गोल्ड में बढ़ती दिलचस्पी
वित्तीय विशेषज्ञ और चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक गुप्ता के अनुसा अक्षय तृतीया पर पारंपरिक सोने की खरीद के साथ डिजिटल गोल्ड और गोल्ड बॉन्ड में निवेश का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। पिछले एक वर्ष में डिजिटल गोल्ड में निवेश 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ा है। युवा निवेशक 500 से 5,000 रुपये तक की छोटी राशि से निवेश शुरू कर रहे हैं, जिससे यह विकल्प तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
रियल एस्टेट: शुभ मुहूर्त पर निवेश के लिए योजनाएं, आसान भुगतान के विकल्प भी हैं
रियल एस्टेट सेक्टर में अक्षय तृतीया को लेकर डेवलपर्स और डीलर्स ने खास योजनाएं तैयार की हैं। प्रॉपर्टी डीलर विजय खजूरिया बताते हैं कि कई प्रोजेक्ट्स में दो से पांच प्रतिशत तक की छूट, फ्री रजिस्ट्रेशन और लचीले भुगतान विकल्प दिए जा रहे हैं। अक्षय तृतीया से पहले पूछताछ में 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है और कई ग्राहक इस दिन टोकन राशि देकर बुकिंग को प्राथमिकता देते हैं। शुभ अवसर होने के कारण इस दिन प्रॉपर्टी निवेश की पौराणिक मान्यता भी बाजार को गति देता है।
अक्षय तृतीया आज, सुबह 10.49 से है पूजा का शुभ मुहूर्त
अक्षय तृतीया का पावन पर्व रविवार 19 अप्रैल को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर के बाजारों, ज्वेलरी दुकानों और मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। विशेषकर महिलाओं में सोना खरीदने, घर की सुख-समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना करने तथा नए कार्य शुरू करने को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। पंडित मोहन लाल शंकरी के अनुसार इस वर्ष तृतीया तिथि 19 अप्रैल को सुबह 10:49 बजे से शुरू होकर 20 अप्रैल को सुबह 07:27 बजे तक रहेगी।
पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 10:49 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक रहेगा। वहीं यह दिन स्वयंसिद्ध मुहूर्त भी माना गया है, यानी पूरे दिन बिना पंचांग देखे शुभ कार्य किए जा सकते हैं। अक्षय तृतीया पर महिलाएं माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा करती हैं। मान्यता है कि इस दिन पूजा करने से घर में धन, वैभव और खुशहाली आती है। इस दिन सोना खरीदना बेहद शुभ माना जाता है, जिससे आर्थिक उन्नति होती है। इसके अलावा नए व्यापार की शुरुआत, गृह प्रवेश, वाहन खरीद और अन्य मांगलिक कार्य भी इस दिन किए जाते हैं।
भगवान परशुराम जयंती पर बाइक, कार रैली और रथ यात्रा आज, भंडारा भी लगेगा
श्री परशुराम ब्राह्मण सभा की ओर से भगवान परशुराम जयंती पर रविवार को धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बाइक रैली, कार रैली तथा रथ यात्रा निकाली जाएगी। सुबह 10 बजे जेडीए पार्क, लोअर रूप नगर मुट्ठी से शुरू होकर महासभा ग्राउंड, जग्गी दरबार के निकट प्लौड़ा में संपन्न होगी। सभा पदाधिकारियों का कहना है कि भगवान परशुराम साहस, सत्य, अनुशासन और न्याय के प्रतीक हैं। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं। युवाओं से अपील की गई है कि वे बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में भाग लें और भगवान परशुराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। कार्यक्रम के दौरान भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।