370 हट जाए तो कश्मीर समस्या का हल हो सकता है: अनुपम खेर
बालीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हट जाए तो कश्मीर समस्या का हल हो सकता है। घाटी में बाहरी राज्यों के बाशिंदों के आने से आपसी भाईचारा बढ़ने के साथ दूरियां कम होंगी।
उन्होंने पंडितों के होम लैंड का समर्थन करते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी की शुरुआत कश्मीर से हो। पंडितों के पुनर्वास के लिए सकारात्मक माहौल बनाया जाए। भारत-पाक को प्यार से अपने मसलों को निपटाने पर काम करना चाहिए।
पत्रकारों से बात करते हुए खेर ने कहा कि हालात के मुताबिक पंडितों की पैतृक जगह पर वापसी मुमकिन नहीं होगी। ऐसे में उन्हें सुरक्षित जगह मुहैया करवाई जाए। वहां गाजा, फिलिस्तीन और इजराइल जैसे हालात न हों।
शरीफ से मोदी की मुलाकात ऐतिहासिक कदम
जम्मू के कैंप में विस्थापित पंडित कैंसर, टीबी जैसी बीमारियों से जूझ रहे हैं। पंडित युवाओं में गुस्सा है। कश्मीरी पंडितों को नजरअंदाज करना असहिष्णुता है। पंडितों के उत्थान के लिए कुछ करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि कई दशक बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लिए नई रोशनी बनकर उभरे हैं। पड़ोसी मुल्क को मोदी के पाकिस्तान दौरे को गंभीरता से लेना चाहिए। बिहार चुनाव के बाद अवार्ड वापस करने का चलन क्यों रुक गया।
शुरुआत से नहीं डरना चाहिए लेकिन अंत में देश और हमारे लिए क्या परिणाम होंगे इस पर सोचना चाहिए। देश को आगे ले जाने के लिए आशावादी होना जरूरी है। डीडीसीए घोटाले मामले पर भाजपा नेता कीर्ति आजाद पर टिप्पणी करने से परहेज करते हुए कहा कि यह जेटली और कीर्ति के बीच का मामला है।