घुसपैठ की आशंका के चलते जम्मू में अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंटरनेशनल बार्डर और लाइन आफ कंट्रोल पर घुसपैठ की आशंका के बीच शहर में भी अलर्ट जारी कर दिया गया। वीरवार को शहर के जगह-जगह पर पुलिस की ओर से नाके लगाकर वाहनों की जांच की गई। इसमें यातायात पुलिस ने भी सहयोग दिया और कई जगहों पर नाके लगाए। शहर के सभी थानों और पुलिस चौकियों के प्रभारियों के नेतृत्व में नाके लगाए गए।
सुरक्षा एजेंसियों के पास आईबी पर घुसपैठ के इनपुट पहुंचे हैं। इसे लेकर एजेंसियों ने सरकार को सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता करने के लिए कहा। शहर के रेलवे स्टेशन, बाहु प्लाजा, पुराने शहर, बीसी रोड, गांधीनगर, त्रिकुटा नगर में नाके लगाए गए। शहर के आसपास के इलाकों से जोड़ने वाले नाकों पर भी जांच की गई।
आरएस पुरा, कठुआ, अखनूर, उधमपुर की तरफ जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने जांच की। सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार आईबी पर आतंकियों के घुसपैठ करने के बाद जम्मू को निशाना बनाने की साजिश है। खासकर आरएस पुरा और अखनूर सेक्टर से घुसपैठ कर शहर को निशाना बनाया जा सकता है।
सीमा पर अस्थायी बंकर, पोस्टों को नुकसान
पिछले कई दिनों से रुक रुक हो रही बारिश के चलते सीमावर्ती क्षेत्र में बने अस्थायी बंकर, पोस्ट भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इसके चलते सीमा पर प्रहरी की भूमिका में डटे जवान और अधिकारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार तवी और निक्की तवी के आसपास बने बंकरों में पानी चले जाने से उन्हें काफी क्षति पहुंची है।
हालांकि बताया जाता है कि इन बंकरों को वर्तमान में प्रयोग में नहीं लाया जा रहा। सीमा सुरक्षा बल व सेना द्वारा इन बंकरों का रखरखाव किया जाता है। बेमौसम की बारिश से अस्थायी बंकरों के साथ पोस्टों को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं पक्के बंकरों में भी बारिश का पानी भरा हुआ है।
इन बंकरों में पानी की निकासी का प्रबंध नहीं होने के चलते वर्तमान में इनका प्रयोग करना मुश्किल हो सकता है। बताया जाता है कि पहले भी कई बार सीमांत क्षेत्र की पोस्टें बाढ़ के चलते पानी में डूबती रही हैं।
अगर आने वाले दिनों में और बारिश होती है, तो पहले की स्थितियां बन सकती हैं। तवी और निक्की तवी का जलस्तर बढ़ने पर सीमा सुरक्षा बल मुस्तैदी से सीमा पार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।