जम्मू-कश्मीर में आफत बनी बारिश, दो लोगों की मौत, एक महिला बाढ़ में लापता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत में बुधवार को मूसलाधार बारिश आफत लेकर आई। रामबन के गुंडी इलाके में सात वर्षीय खतीब अहमद की स्कूल जाते समय पानी के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। जिला कठुआ के बनी के डग्गर इलाके में कच्चा मकान गिरने से बहादुर सिंह (50) की दबकर मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुंछ में बाढ़ में महिला अशरफ बी (50) बह गई, जिसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। कठुआ के नगरी इलाके में एक स्कूल की दीवार गिर गई, लेकिन उस समय स्कूल में बच्चे नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। खराब मौसम से बिजली ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
त्रिकुटा पहाड़ियों पर बारिश और धुंध से कटड़ा-सांझीछत चॉपर सेवा लगातार प्रभावित हो रही है। खराब मौसम से मचैल यात्रा के लिए गुलाबगढ़ से चॉपर सेवा नहीं चल पाई है। श्रीनगर के पंथा चौक पर बादल फटने से कई घरों में पानी घुस गया, लेकिन जानी नुकसान नहीं हुआ है। पुंछ के चक्कां दा बाग स्थित क्रास एलओसी सड़क पर स्थापित पुल को क्षति पहुंची है।
अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार अगले चौबीस घंटों में जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, लेकिन 6 से 8 अगस्त तक अधिकतर इलाकों में बारिश हो सकती है। जम्मू में चौबीस घंटों में 46.6 मिलीमीटर बारिश होने से दिन का पारा सामान्य से चार डिग्री गिरकर 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कटड़ा में 57 मिलीमीटर बारिश हुई। जम्मू संभाग के कई हिस्सों में तापमान में सामान्य से सात डिग्री तक गिरावट आई है। घाटी के कई हिस्सों में बारिश से पारा गिर गया है।
श्रीनगर में पारे में छह डिग्री गिरावट के साथ 23.3 डिग्री तक पहुंच गया है। कठुआ के सीमावर्ती गांव पहाड़पुर में पानी के तेज बहाव के साथ सड़क बह गई, जिससे एक बड़ी आबादी का तहसील मुख्यालय से संपर्क कट गया है।
राज्य के अधिकतर हिस्सों में निरंतर हो रही बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। चिनाब दरिया का जलस्तर बढ़ने से किनारे बसे लोगों को अलर्ट किया गया है। पस्सियां गिरने और जमीन धंसने से जिला कठुआ के बिलावर के कमदाना बांझिया, गढ सामना बंझ, लाखडी कुन्नू, गल्क रजवालता सहित कई अन्य संपर्क मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए हैं। इन इलाकों में सड़कों का पानी खेतों में आ जाने से सैकड़ों एकड़ में मक्की और धान की फसल बर्बाद हो गई है।