कश्मीर में बढ़ी रौनक से बौखलाया हाफिज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘धरती की जन्नत’ कही जाने वाले कश्मीर घाटी में पर्यटकों की भीड़ और श्री अमरनाथ यात्रा की सफल शुरूआत आतंकी संगठनों को रास नहीं आ रही है। मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड और जमात उद दावा प्रमुख हाफिज सईद इससे बौखला गया है। हाफिज ने एलओसी पर आतंकी संगठनों के साथ बैठक कर कश्मीर में हमले करने पर जोर दिया है।
बारामूला के उड़ी सेक्टर की एलओसी पर हुई आतंकियों की घुसपैठ भी इसी का हिस्सा थी। यही नहीं, कश्मीर के स्थानीय आतंकियों को फिदायीन हमले करने के लिए कहा जा रहा है। खुफिया एजेंसियों के पास इसके पुख्ता इनपुट पहुंचे हैं और एजेंसियों ने इस संबंध में केंद्र को भी सूचित किया है।
दरअसल, कश्मीर में पीक सीजन का रिस्पांस जबरदस्त आया है। पूरे देश में गर्मी से मचे हाहाकार के बाद कश्मीर की तरफ पर्यटकों का रुख बढ़ा है। जून के महीने में कश्मीर घाटी में डेढ़ लाख पर्यटक पहुंचे हैं। हालांकि पहले दो हफ्तों में रिस्पांस अच्छा नहीं था, लेकिन इसके बाद रफ्तार बढ़ी और आंकड़ा डेढ़ लाख तक पहुंच गया।
हर हाल में घुसपैठ का आदेश
वहीं, श्री अमरनाथ यात्रा दो जुलाई से शुरू हुई और पहले चार दिन में 40 हजार के करीब यात्री दर्शन कर चुके हैं। यात्रा की सफल शुरूआत हुई है, जो हाफिज की बौखलाहट का सबसे बड़ा कारण है।
सूत्रों का कहना है कि अभी एक दिन पहले ही हाफिज ने कश्मीर के बारामूला, टंगधार, कुपवाड़ा की एलओसी पर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तोएबा, हिजबुल मुजाहिदीन की बैट टीम के साथ बैठक की।
इसमें आतंकी संगठनों के कई टाप कमांडरों ने हिस्सा लिया। हाफिज ने संगठनों से कहा कि यदि एलओसी पर घुसपैठ करने में कामयाबी नहीं मिल रही तो कश्मीर के स्थानीय आतंकियों को हमलों के लिए तैयार करें।
फिदायीन हमले कर यात्रा में बाधा डालें। एलओसी पर बैठे कई आतंकियों के दल को हर हाल में घुसपैठ के लिए बोला गया है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में यात्रा में खलल डालने की आशंका बनी हुई है।