जम्मू-कश्मीरः बिजबिहाड़ा में आतंकियों ने किया ग्रेनेड हमला, 10 नागरिक घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा में आतंकियों ने बुधवार को सुरक्षाबलों की गाड़ी पर ग्रेनेड हमला किया। निशाना चूक जाने से ग्रेनेड वाहन पर न गिरकर भीड़ भरे बाजार में गिरकर फट गया। इसमें 10 स्थानीय नागरिक घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल चार लोगों को इलाज के लिए श्रीनगर रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके की घेराबंदी कर सर्च आपरेशन चलाया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकियों ने बिजबिहाडा के गोरिवन चौक पर सुरक्षाबलों की एक गाड़ी को निशाना बनाते हुए उस पर ग्रेनेड दागा।
हमले में जैनापोरा शोपियां का 12 वर्षीय किशोर फैजल अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अन्य तीन महिलाओं के साथ श्रीनगर रेफर किया गया जिनकी शिनाख्त डेजी जान, हसनपोरा की रोजी अख्तर और संगम की मुनीरा अख्तर के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि अन्य छह घायलों को मामूली चोटें थीं जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
सीजफायर के बाद भी मान नहीं रहे आतंकी
केंद्र सरकार की ओर से घाटी में 16 मई को सीजफायर की घोषणा के बाद से अब तक दर्जनभर घटनाओं को आतंकी अंजाम दे चुके हैं। इनमें राइफल स्नैचिंग, आतंकी हमले, बैंक लूट, मुठभेड़ आदि शामिल है।
आंकड़ों के अनुसार छह घटनाएं दक्षिणी कश्मीर में, तीन उत्तरी कश्मीर में और तीन मध्य कश्मीर के श्रीनगर में घटी है। सीजफायर की घोषणा के बाद ही लश्कर ने कहा था कि वह इस सीजफायर का पालन नहीं करेगा।
#UPDATE Six civilians injured in a grenade attack in Anantnag's Bijbehara. The area is cordoned off #JammuAndKashmir
— ANI (@ANI) May 23, 2018
भाजपा नेता के घर से हथियार लेकर एसपीओ फरार
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर इलाके में एक भाजपा नेता का एसपीओ बुधवार को हथियार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर की छानबीन शुरू कर दी है। सोपोर के रफियाबाद इलाके में भाजपा नेता मोहम्मद मकबूल वार उर्फ मकबूल वकील के घर पर गार्ड ड्यूटी पर तैनात एसपीओ हथियार लेकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार गार्ड इंचार्ज की ओर से जानकारी दी गई कि पीएसओ हेड कांस्टेबल दिलशाद की एके-47 उसके ट्रंक से मिसिंग है। यह अंदेशा है कि यह हथियार एसपीओ वसीम अहमद लेकर फरार हुआ है जो 21 मई से गार्ड ड्यूटी से लापता है। वसीम रफियाबाद के शुतलू का रहने वाला है।
हालांकि, उसके आतंकवाद में शामिल होने की पुष्टि नहीं हो पाई है। जानकारी यह भी है कि जब से वह लापता है तब से ही उसके इलाके के दो अन्य युवक भी लापता हैं जिनमें से एक की शिनाख्त आरिफ अहमद मल्ला (22) के तौर पर हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इनके अभिभावक जब शिकायत दर्ज कराएंगे तो छानबीन शुरू की जाएगी।