अमरनाथ यात्रियों से मिले गृहमंत्री राजनाथ सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने वीरवार से शुरू वार्षिक अमरनाथ यात्रा के सुचारु तथा शांतिपूर्ण संचालन के लिए राज्य सरकार और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की ओर से किए गए सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य बंदोबस्त पर संतोष जताया। राजनाथ ने पवित्र गुफा का दौरा किया और यात्रा के सुचारु संचालन संबंधी प्रबंधों का निरीक्षण किया।
केंद्रीय गृह मंत्री ने अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित तथा पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए राज्य सरकार को सभी सहायता तथा प्रोत्साहन देने के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। तीर्थयात्रियों के लिए किए गए प्रबंधों पर राज्य सरकार की सराहना की। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने वीरवार को पवित्र गुफा में प्रथम पूजा में भाग लेने के बाद यात्रा पर आए कई श्रद्धालुओं से बात की।
उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं के विषय में भी जानकारी ली। सभी ने यात्रा को सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए गए प्रयासों की सराहना की। राजनाथ ने कहा कि जो भी व्यवस्था की गई है, सुरक्षा की दृष्टि से बहुत अच्छी व्यवस्था है। व्यवस्था से वे खुश हैं, लेकिन, इस यात्रा को और अधिक सुगम बनाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री भी जम्मू कश्मीर को लेकर काफी चिंतित रहते हैं। उन्होंने राजभवन में राज्यपाल एनएन वोहरा से मुलाकात कर बाहरी तथा आंतरिक सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
रिजिजू मामले पर बच निकले राजनाथ
इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ित लोगों के लिए राहत एवं पुनर्वास संबंधी मुद्दों के साथ ही अमरनाथ यात्रा के प्रबंधों पर भी बातचीत की। बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के लिए दिए गए पैकेज पर पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कभी भी केंद्र की ओर से राज्य सरकार को दिए जाने वाली मदद एक ही बार में नहीं दी जाती है बल्कि किस्तों में मिलती है।
जो कुछ अभी तक दिया गया है वह खर्च होना चाहिए। आगे भी राज्य सरकार को केंद्र की ओर से उचित सहायता दी जाएगी। किरण रिजिजू पर एयर इंडिया की फ्लाइट को एक घंटा लेट करवाने के लगे आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं है।
लेकिन, इतना जरूर है कि आज जब वह बाबा अमरनाथ के दर्शन को आए तो उन्होंने सीधे निर्देश दिए थे कि उनके कारण किसी भी यात्री को परेशानी नहीं होनी चाहिए और न ही किसी के दर्शन में विलंब होना चाहिए। गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर श्रीनगर पहुंचे थे।
उन्होंने सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर 59 दिनों तक चलने वाली यात्रा के लिए किए गए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की थी।