फलनी गांव के लोगों के सामने भूखों मरने की नौबत!
जिले के बुद्धल क्षेत्र के फलनी गांव के लोग करीब दो महीनों से सरकारी राशन की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। रविवार को स्थानीय लोगों ने उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट करते हुए जल्द राशन मुहैया करवाने की गुहार लगाई।
इस अवसर पर क्षेत्र के सरपंच अब्दुल हमीद ने बताया कि पिछले दो महीनों से क्षेत्र में सरकारी राशन की सप्लाई नहीं पहुंची है। बाढ़ और बारिश के बाद जिला प्रशासन ने राशन प्रदान करने की बात भी कही थी, लेकिन अभी तक क्षेत्र में राशन नहीं पहुंच पाया है। बिना राशन के लोगों को भूखे मरने की नौबत आ रही है।
बाढ़ पीड़ित को नहीं मिल रही राहत सामग्री
वहीं इस अवसर पर बुद्धल यूनाइटेड फ्रंट के चेयरमैन फारूक इंकलाबी ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट करते हुए कहा कि सरकार जनता की परेशानियों को हल करने में विफल साबित हो रही है। बाढ़ पीड़ितों को अभी तक राहत सामग्री सही प्रकार से नहीं मिल पाई है।
अभी भी क्षेत्र में कई लोग खुले आसमान के नीचे रह रहे हैं। कई हफ्तों से बच्चे स्कूल नहीं जा पाए हैं। वहीं उन्होंने सरकार व प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोग सड़कों पर उतर कर उग्र प्रदर्शन करेंगे।