कश्मीर चुनावों पर जनरल सुहाग की नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
25 नवंबर को हुए पहले चरण के मतदान के दौरान कश्मीर में मौजूद रहे सेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह सुहाग दूसरे चरण के मतदान से एक दिन पहले ही घाटी पहुंचे गए हैं। सीमा और नियंत्रण रेखा पार से चुनाव में खलल डलाने की साजिश किए जाने के चलते सेनाध्यक्ष ने सोमवार को एलओसी से सटे क्षेत्रों में हालात का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने अब तक दुश्मन की हर साजिश को नाकाम बनाने के लिए जवानों की पीठ थपथपाकर उनका मनोबल भी बढ़ाया। हालात का जायजा लेने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को अचूक बनाने संबंधी निर्देश जारी कर सोमवार शाम सेनाध्यक्ष दिल्ली लौट गए।
मंगलवार को कश्मीर संभाग के कुलगाम और कुपवाड़ा जिलों के नौ विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। इसके अलावा जम्मू संभाग के नौ विधानसभा क्षेत्रों में भी मंगलवार को ही वोट डाले जाएंगे।
टंगधार और मच्छेल सेक्टर का दौरा
दूसरे चरण के मतदान से एक दिन पहले सोमवार को सेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने कश्मीर संभाग के एलओसी से सटे टंगधार और मच्छेल सेक्टरों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था और हालात का जायजा लिया।
इस दौरान उत्तरी कमांड के जीओसी इन सी लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा और श्रीनगर स्थित 15वीं कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा ने जनरल सुहाग को आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के मद्देनजर किए गए सुरक्षा बंदोबस्त का ब्योरा दिया।
जनरल सुहाग ने नियंत्रण रेखा पार से चुनावी प्रक्रिया में खलल डालने की साजिशों से सख्ती से निपटने और मुंहतोड़ जवाब देने के निर्देश दिए। इसके अलावा मंगलवार को दूसरे चरण के मतदान में सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए सेनाध्यक्ष की ओर से एलओसी पर पैट्रोलिंग बढ़ाने के भी निर्देश जारी किए गए।
जनरल सुहाग ने हाल ही के दिनों से सेना की ओर से आतंकी ठिकानों से बरामद हथियार और गोलाबारूद की भी जांच की।