J&K: शहीद पुलिसकर्मी इमरान को पूरे सम्मान से दी गई अंतिम विदाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहीद होने वाले वीर सपूत इमरान टाक को शनिवार को पुलिस लाइन में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उप मुख्यमंत्री ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि टाक की शहादत पर हमें गर्व है। उनकी वीरता के लिए राज्य सरकार से शौर्य चक्र देने की सिफारिश की जा रही है।
श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र जकुरा में शुक्रवार शाम को आतंकियों द्वारा पुलिस पार्टी पर किए गए हमले में उधमपुर जिला अंतर्गत पड़ने वाले बसंतगढ़ के सपूत सब इंस्पेक्टर इमरान टाक ने शहादत पाई। जिस तरह से उन्होंने आतंकियों से लोहा लेते हुए शहादत पाई, उससे उनको पूरा देश सलाम कर रहा है। इमरान टाक का पार्थिक शरीर को शनिवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे पुलिस लाइन में पूरे सम्मान के साथ लाया गया। यहां पर उनके पार्थिव शरीर को सशस्त्र बल से सलामी दी।
मातमी धुन बजाई। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर राज्य के उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके साथ मंत्री नईम अख्तर, सत शर्मा, आइजीपी, डीसी, एसएसपी सहित पुलिस के कई अधिकारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इमरान टाक बहुत ही बहादुर पुलिस अधिकारी थे। घायल होने के बावजूद उन्होंने आतंकियों से लड़ते हुए एक आतंकी कमांडर को मार गिराया। उनकी बहादुरी प्रेरणादायक है। नौजवानों का हौसला बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आतंकियों ने कायराना हरकत की है।
शहीद टाक को पीडब्ल्यूूडी मंत्री नईम अख्तर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा, पूर्व शिक्षा मंत्री हर्ष देव, बीबी व्यास, डीजीपी एसपी वैद, डॉ. एसडी सिंह व अन्य ने पार्थिक शरीर को कंधा देकर सम्मान के साथ पुलिस वाहन से पैतृक गांव के लिए रवाना किया। बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों व स्थानीय लोगों ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
गौरतलब है कि जकुरा में आतंकियों ने शुक्रवार शाम को पुलिस पार्टी पर किए हमले मेें सब इंस्पेक्टर शहीद हो गए। जवाबी कार्रवाई में जाकिर मुसा ग्रुप के एक आतंकी को मार गिराया। आतंकियों ने जकुरा के पास पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें आतंकियों से लड़ते हुए सब इंस्पेक्टर इमरान टाक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सपूत की शहादत पर परिवार को गर्व
उधमपुर पुलिस लाइन में इमरान टाक की पत्नी और परिवार वालों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित की। परिवार वाहनों के विलाप देख वहां मौजूद हर सख्त की आंखें नम हो गईं। परिवार को यकीन नहीं हो रहा था कि इमरान अब उनके बीच नहीं हैं। इसके बावजूद उनके परिवार को इमरान की शहादत पर गर्व है।
उनके चाचा ने बताया कि जिस तरह से उसने अपने वतन के लिए कुर्बानी दीहै, उससे हम गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि आतंकवाद का खात्मा किया जाए। ताकि बेगुनाह लोगों का खून न बहे। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार ने बहादुर बेटा खोया है, जिसकी भरपाई मुश्किल है।