16 साल बाद खुला राज: आशीष बने अब्दुल और अंजू बनीं शमीम अख्तर, जम्मू के गुप्ता परिवार ने अपनाया इस्लाम
जम्मू के जानीपुर स्थित एक गुप्ता परिवार के चार सदस्यों ने 2009 में इस्लाम धर्म अपनाया, लेकिन सुरक्षा कारणों से 16 साल तक अपनी पहचान छिपाकर रखी। श्रीनगर की अदालत ने अब उनके नए नाम और धर्म को मान्यता देते हुए सरकारी रिकॉर्ड बदलने का आदेश दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू के जानीपुर के एक गुप्ता परिवार के चार लोगों ने इस्लाम धर्म अपना लिया है। 2009 में हुए इस धर्म परिवर्तन को 16 साल तक छिपाए रखा। श्रीनगर की सब जज कोर्ट ने उनकी नई पहचान को मान्यता देते हुए रिकॉर्ड बदलने के आदेश दे दिए हैं। अब आशीष गुप्ता, अंजू गुप्ता, मेहक गुप्ता व हर्ष गुप्ता क्रमशः अब्दुल वाहिद, शमीम अख्तर, मेहक शेख और हमजा शेख के नाम से जाने जाएंगे।
जम्मू के जानीपुर कॉलोनी के मकान नंबर 918-ए में रहने वाले गुप्ता परिवार ने 2009 में इस्लाम धर्म अपनाया था लेकिन उस समय उन्होंने इसे सार्वजनिक नहीं किया। कोर्ट में बताया गया कि वे उस दौरान हिंदू बहुल इलाके में रह रहे थे, इसलिए सुरक्षा के डर से उन्होंने अपनी पहचान छुपाए रखी और सरकारी कागजों में बदलाव नहीं कराया। बाद में श्रीनगर में रहने के दौरान उन्होंने अपने नाम और धर्म बदलवाने की कई बार कोशिश की लेकिन रिकॉर्ड अपडेट नहीं हुआ। इसके बाद परिवार को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
29 दिसंबर, 2025 को आए फैसले में अदालत ने माना कि परिवार पिछले 16 साल से इसी पहचान के साथ रह रहा है। न्यायाधीश जुनैद इम्तियाज मीर ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मर्जी का धर्म और नाम चुनने का अधिकार है और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह रिकॉर्ड में यह बदलाव करे। सरकारी पक्ष की ओर से कोई ठोस आपत्ति सामने नहीं आई जिसके बाद कोर्ट ने एकतरफा सुनवाई कर परिवार के पक्ष में फैसला सुनाया।
अंजू पहले थीं शमीम, शादी के बाद अपनाया था हिंदू धर्म
मामले की एक खास बात यह भी है कि अंजू गुप्ता पहले शमीम अख्तर थीं। शादी के बाद उन्होंने हिंदू धर्म अपनाया था। शमीम ने अब दोबारा इस्लाम अपना लिया। उनके साथ ही परिवार ने इस्लाम अपना लिया है। यह धर्म परिवर्तन चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरवाजे पर ताला लटका
जानीपुर में गुप्ता परिवार के घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लटका था और बिजली कनेक्शन भी बंद था। आसपास के लोगों ने बताया कि उन्हें इस तरह के किसी धर्म परिवर्तन की जानकारी नहीं थी। परिवार पिछले कुछ समय से यहां दिखाई नहीं दिया और फिलहाल वे कहां रह रहे हैं इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है।