गुलमर्ग में आयोजित किया गया पहला 'ऑफ-रोड स्नो फेस्ट'
जम्मू कश्मीर का ताज कहलाए जाने वाले विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में कश्मीर ऑफ-रोड द्वारा राज्य पर्यटन विभाग के साथ मिलकर पहले "ऑफ-रोड स्नो फेस्ट" का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार यह देश में पहला ऐसा इवेंट है जो कश्मीर में आयोजित किया गया।
इसके पीछे उद्देश्य है सर्दियों में घाटी के विंटर एडवेंचर में ऑफ-रोडिंग को शामिल करने के साथ साथ पर्यटन को बढ़ावा देना।इस इवेंट के आयोजक आली साजिद ने अमर उजाला को बताया कि इस "ऑफ-रोड स्नो फेस्ट" के आयोजन के पीछे उद्देश्य था कि कश्मीर में ऑफ-रोडिंग के चाहने वालों को अपना हुनर दिखाने का एक मौका देना।
साथ ही इसे एक इवैंट के तौर पर विंटर अडवेंचर में शामिल करना ताकि लोग स्कीइंग, स्नो-बोर्डिंग के इलवा इसका भी एहसास कर सकें। साजिद के अनुसार इससे अडवेंचर स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा मिल पाएगा।
आयोजन के लिए विशेष रूप से ट्रैक का निर्माण
कार्यक्रम के आयोजन के लिए विशेष रूप से ट्रैक का निर्माण किया गया था। गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में 2 किलोमीटर का बर्फीला ट्रैक बनाया गया था जो कि फिसलन और भारी बर्फ के चलते बहुत कठिन था। प्रतियोगिता में करीब 35 से अधिक रैली ड्राइवरों ने अपनी गाडिय़ों के साथ भाग लिया।
इन सभी को 2 किलोमीटर के ट्रैक पर सबसे कम समय देना था जिसमें 3 मिनट 51 सेकंड के साथ नबील अनवर पहले स्थान पर, 3 मिनट 52 सेकंड के साथ इरशाद अहमद दूसरे स्थान पर और 3 मिनट 54 सेकंड के साथ सजाद शेख तीसरे स्थान पर रहे।